MTNL Property Monetization: नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन (NLMC) BSNL और MTNL की संपत्तियों से 1,300 करोड़ रुपये जुटाने के नए प्लान पर काम कर रहा है। इससे पहले नई दिल्ली और मुंबई में भी नीलामी के जरिए संपत्तियों को भुनाया गया है।

BSNL Asset Monetization: केंद्र सरकार ने सरकारी कंपनियों की अतिरिक्त संपत्तियों को भुनाकर राजस्व जुटाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन (NLMC) ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) और महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (MTNL) की संपत्तियों के मुद्रीकरण के लिए करीब 1,300 करोड़ रुपये का नया प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत दोनों कंपनियों की संपत्तियों को बाजार प्रक्रिया के जरिए भुनाने की योजना है।

खास बात यह है कि चालू वित्त वर्ष में अब तक 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी संपत्तियों का मुद्रीकरण किया जा चुका है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, बुधवार को नई दिल्ली में हुई NLMC के निदेशक मंडल की 22वीं बैठक में इन नए प्रस्तावों पर चर्चा हुई। अब इन्हें सरकारी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।

BSNL-MTNL की संपत्तियों से कैसे जुटेंगे 1,300 करोड़?

वित्त मंत्रालय के अनुसार, NLMC ने BSNL और MTNL की संपत्तियों को भुनाने के लिए करीब 1,300 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर विचार किया है। इसका उद्देश्य सरकारी कंपनियों की अतिरिक्त जमीन और अन्य संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल कर राजस्व जुटाना है। प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सरकारी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा।

दिल्ली और मुंबई की 17 संपत्तियों का होगा मूल्यांकन

बैठक में नई दिल्ली और मुंबई में स्थित 17 आवासीय संपत्तियों की वैल्यूएशन रिपोर्ट पर भी विचार किया गया। ये संपत्तियां बंद हो चुके केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSEs) से मिली हैं।

इससे पहले NLMC प्रयागराज और चेन्नई में मौजूद अपनी आवासीय संपत्तियों को ई-नीलामी के जरिए बाजार में उतार चुका है। अब दिल्ली और मुंबई की संपत्तियों को भी पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से भुनाने की तैयारी है, ताकि इनका उचित मूल्य प्राप्त किया जा सके।

RINL की जमीन की नीलामी से मिले 584 करोड़ रुपये

NLMC के बोर्ड ने राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) की ओर से विशाखापत्तनम में आयोजित दो ई-नीलामियों के नतीजों की भी समीक्षा की। ये नीलामियां 12 अक्टूबर और 3 नवंबर को हुई थीं।

मंत्रालय के बयान के मुताबिक, इन दोनों नीलामियों में 264 जमीन के टुकड़ों के लिए कुल 584.40 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली प्राप्त हुई। इसे NLMC की पहली पूर्ण ई-नीलामी पहल बताया गया है।

सरकारी संपत्तियों से कमाई बढ़ाने की तैयारी

बैठक में संपत्तियों के मुद्रीकरण से जुड़े प्रस्तावों और मूल्यांकन रिपोर्ट की समीक्षा के अलावा सरकार-से-सरकार के बीच लेनदेन, हालिया ई-नीलामी के परिणाम और NLMC को मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

वित्त मंत्रालय का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य कॉरपोरेशन की बढ़ती जिम्मेदारियों और संपत्ति मुद्रीकरण की आगामी योजनाओं को समर्थन देना है।

बता दें कि वित्त मंत्रालय के तहत आने वाला नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन पूरी तरह सरकारी कंपनी है। इसे केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और अन्य सरकारी संगठनों की अतिरिक्त जमीन और इमारतों को भुनाने के लिए बनाया गया है। इसके जरिए सरकार का लक्ष्य अनुपयोगी संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल करना और उनसे राजस्व जुटाना है।