
8th Pay Commission Pension: 8वें वेतन आयोग को बने 10 महीने पूरे हो गए हैं। 3 नवंबर 2025 को गठित हुआ यह आयोग अब कर्मचारियों और पेंशनर्स से जुड़ी मांगों पर चर्चा के दौर में है। सबसे ज्यादा चर्चा इस समय पेंशन को लेकर है। खास बात यह है कि अलग-अलग कर्मचारी और पेंशनर संगठन पुराने और नए रिटायर होने वाले कर्मचारियों के बीच पेंशन के अंतर को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। यही वजह है कि 3.833 फिटमेंट फैक्टर, पेंशन पैरिटी और सिविलियन कर्मचारियों के लिए OROP (One Rank One Pension) जैसे मुद्दे चर्चा में हैं। कहा जा रहा है कि अगर कर्मचारी संगठनों का सुझाया 3.833 फिटमेंट फैक्टर मान लिया गया, तो पेंशन ₹38,710 से उछलकर ₹93,900 तक पहुंच सकती है। सवाल यह है कि यह फॉर्मूला काम कैसे करता है और क्या इसका फायदा सभी पेंशनर्स को बराबर मिलेगा? आइए समझते हैं...
इस पूरे मामले को समझने के लिए लेवल 6 जैसे सीनियर क्लर्क या सुपरवाइजर रैंक के दो कर्मचारियों का उदाहरण लेते हैं जिन्होंने एक बराबर नौकरी की। कर्मचारी 'A' जो 2016 में रिटायर हुआ। 7वें वेतन आयोग के तहत इसकी बेसिक पेंशन ₹24,500 तय हुई। 58% महंगाई राहत (DR) जोड़कर इसे आज हर महीने करीब ₹38,710 मिलते हैं। कर्मचारी 'B' जो 2026 में रिटायर होगा, अगर 8वें वेतन आयोग में 3.833 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो इसी पद से रिटायर होने वाले नए कर्मचारी की पेंशन सीधे लगभग ₹93,900 के आसपास बैठ सकती है। यही वह जगह है जहां ₹55,000 से ज्यादा का भारी अंतर पैदा हो रहा है। पद एक, काम एक, लेकिन रिटायरमेंट का साल अलग होने की वजह से पुराने पेंशनर्स काफी पीछे छूटते नजर आ रहे हैं।
NCJCM (नेशनल काउंसिल)
मुख्य मांग: कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 3.833 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाए और वेतन-पेंशन संशोधन का चक्र 10 साल से घटाकर हर 5 साल किया जाए।
पेंशनर्स को क्या फायदा होगा: बेसिक पेंशन में सीधे भारी उछाल आएगा और कर्मचारियों को नए वेतन आयोग के लिए एक दशक लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
भारत पेंशनर्स समाज (BPS)
मुख्य मांग: 1 जनवरी 2026 से पहले और बाद के रिटायर कर्मचारियों में समानता लाई जाए, पेंशन आखिरी बेसिक सैलरी का 67% हो और न्यूनतम पेंशन ₹45,000 तय की जाए।
पेंशनर्स को क्या फायदा होगा: रिटायरमेंट के बाद जीवन स्तर में गिरावट नहीं आएगी और फैमिली पेंशन 50% होने से आश्रितों को भी मजबूत आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
रेलवे सीनियर सिटिजन्स (RSCWS)
मुख्य मांग: सेना की तर्ज पर सिविल और रेलवे कर्मचारियों के लिए भी 'वन रैंक, वन पेंशन' (OROP) व्यवस्था लागू की जाए।
पेंशनर्स को क्या फायदा होगा: रिटायरमेंट की तारीख चाहे जो भी हो, एक ही पद और एक समान सेवा अवधि वाले सभी पेंशनर्स को बराबर पेंशन मिलेगी।
मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन, सर्वे ऑफ इंडिया (MSA)
मुख्य मांग: 8वें वेतन आयोग के नए पे-मैट्रिक्स में पुराने पेंशनर्स की पेंशन को वर्तमान रिटायर कर्मचारियों के समान स्टेज पर 'नोशनल' रूप से फिक्स किया जाए।
पेंशनर्स को क्या फायदा होगा: अलग-अलग पे-कमीशन के दौर में रिटायर हुए कर्मचारियों के बीच पेंशन की खाई पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
जिस तरह सेना के जवानों के लिए 'वन रैंक, वन पेंशन' (OROP) लागू है, ठीक वैसी ही मांग अब रेलवे, पोस्टल और सिविल विभागों के कर्मचारी भी कर रहे हैं। अगर सरकार सिर्फ 3.833 फिटमेंट फैक्टर देकर नए कर्मचारियों की पेंशन ₹93,900 कर देती है और पुराने कर्मचारियों के लिए नोशनल फिक्सेशन (कागजी तौर पर पुराने वेतन को नए स्केल के बराबर लाना) लागू नहीं करती, तो पुराने बुजुर्ग पेंशनर्स भारी नुकसान में रहेंगे। इसीलिए यूनियनों का कहना है कि नए वेतन आयोग का फायदा 2026 से पहले रिटायर हुए लोगों को भी उसी अनुपात में मिलना चाहिए।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।