
LPG Cylinder Refill Loan: एलपीजी सिलेंडर की कीमत और घरेलू बजट के बीच तालमेल बैठाना कई परिवारों के लिए चुनौती बन जाता है। खासकर सिलेंडर बुकिंग के समय अगर खाते में पर्याप्त पैसे न हों, तो रिफिल टल सकती है। ऐसे ग्राहकों के लिए भारत गैस ने ब्याज-मुक्त माइक्रो-लोन सुविधा शुरू करने की जानकारी दी है।
भारत गैस के मुताबिक, ग्राहक एलपीजी सिलेंडर रिफिल कराने के लिए ₹600 तक का बिना ब्याज वाला माइक्रो-लोन ले सकते हैं। इस सुविधा का उद्देश्य उन ग्राहकों को तत्काल राहत देना है, जिन्हें सिलेंडर भरवाते समय पूरी रकम जुटाने में परेशानी होती है।
इस योजना के तहत ₹600 का लोन लेने वाले ग्राहक को हर सप्ताह ₹100 की किस्त चुकानी होगी। कंपनी के अनुसार, इस रकम पर कोई ब्याज नहीं लिया जाएगा। यानी ग्राहक पहले सिलेंडर रिफिल करा सकता है और बाद में तय किस्तों में रकम वापस कर सकता है।
भारत गैस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इच्छुक ग्राहकों को अपने नजदीकी भारत गैस डिस्ट्रीब्यूटर या एलपीजी एजेंसी से संपर्क करना होगा। वहां जरूरी प्रक्रिया और दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। हालांकि, लोन की पात्रता और मंजूरी संबंधित प्रक्रिया के अनुसार तय होगी।
भारत गैस यह माइक्रो-लोन सुविधा OneGrow Fintech के साथ साझेदारी में उपलब्ध करा रही है। इसका मकसद एलपीजी रिफिल के लिए तत्काल पैसों की जरूरत वाले ग्राहकों को भुगतान में सुविधा देना है।
नोट: लोन लेने से पहले ग्राहक को एजेंसी से पात्रता, जरूरी दस्तावेज, पुनर्भुगतान की शर्तों और सुविधा की उपलब्धता की पूरी जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।