
Gold Buying Tips: सोना इन दिनों तेजी से सस्ता हो रहा है। शादी का सीजन हो या निवेश का प्लान,सोना खरीदते समय हर आम आदमी यही सोचता है कि उसकी मेहनत की कमाई से खरीदा गया गोल्ड 100% शुद्ध हो। लेकिन इन दिनों ज्वेलरी मार्केट में सोने की मिलावट को लेकर एक नई चर्चा ने ग्राहकों और दुकानदारों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। देश की सबसे बड़ी ज्वेलरी संस्था ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकारी मानक संस्था भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) को अलर्ट किया है। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और आप अपनी खरीदारी को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं...
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई थी कि सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम (Rhenium) और इरिडियम (Iridium) जैसे खास अलॉय (मिश्र धातु) मिलाए जा सकते हैं। इससे बिना ज्यादा सोना डाले गहने का वजन भारी हो जाता है। GJC के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने साफ किया है कि अभी तक ऐसी किसी मिलावट का कोई पक्का सबूत या लैब रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ये अलर्ट सिर्फ एहतियात के तौर पर जारी किया गया है। BIS इस पूरे मामले पर नजर रख रहा है और ज्वेलर्स को भी अपने सप्लायर्स से आने वाले माल की सख्त जांच करने को कहा गया है।
GJC के वाइस चेयरमैन अविनाश गुप्ता और काउंसिल ने ग्राहकों को सलाह दी है कि किसी भी तरह के धोखे से बचने के लिए दुकान से बाहर निकलने से पहले इन 2 जरूरी बातों को गांठ बांध लें...
1. 6-डिजिट वाला HUID नंबर और 'BIS Care' ऐप
हर असली सोने के गहने पर हॉलमार्क के साथ 6 अंकों का एक खास कोड (HUID) लिखा होता है। दुकानदार की बातों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। अपने मोबाइल में सरकारी BIS Care App डाउनलोड करें और उस पर गहने का 6-डिजिट HUID नंबर डालकर तुरंत चेक करें कि वह सोना किस ज्वेलर का है, कितने कैरेट का है और रजिस्टर्ड है या नहीं।
2. पक्का GST बिल (Invoice) लेना न भूलें
अक्सर लोग टैक्स बचाने के चक्कर में कच्ची पर्ची पर सोना ले लेते हैं, जो सबसे बड़ी गलती है। हमेशा दुकानदार से पक्का GST बिल मांगें। बिल में गहने का वजन, कैरेट (शुद्धता), मेकिंग चार्ज और HUID नंबर साफ-साफ लिखा होना चाहिए। कल को अगर गहने में कोई खोट निकलता है, तो यही बिल आपको कानूनी सुरक्षा दिलाएगा।
सरकार और BIS नकली या बिना हॉलमार्क वाले सोने को लेकर बेहद सख्त हैं। हाल ही में देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी छापेमारी की गई है। 4 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में 4 ज्वेलरी शोरूम पर BIS की टीम ने छापा मारा। यहां बिना अनिवार्य 6-डिजिट HUID नंबर के गहने बेचे जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान करीब 3 करोड़ रुपये कीमत का 2.085 किलो सोना जब्त किया गया। इससे पहले 22 अक्टूबर को अमृतसर के प्रताप बाजार स्थित एक ज्वेलरी आउटलेट पर भी छापेमारी की गई थी। जांच में हॉलमार्क नियमों का उल्लंघन मिलने पर 467.44 ग्राम वजन के कुल 95 सोने के गहने जब्त किए गए।
BIS एक्ट के सेक्शन 29 के तहत, अगर कोई दुकानदार बिना सही हॉलमार्क या HUID के सोना बेचता पकड़ा जाता है, तो उसे 1 साल तक की जेल, कम से कम 1 लाख रुपये का जुर्माना या जब्त किए गए गहनों की कीमत का 5 गुना तक पेनल्टी भरनी पड़ सकती है।
GJC, जो देश के 6 लाख से ज्यादा ज्वेलर्स का प्रतिनिधित्व करती है, ने ग्राहकों और दुकानदारों दोनों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी मिलावट या धोखाधड़ी का शक हो, तो चुप न बैठें। आप सीधे BIS Care App के जरिए या GJC को अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। इसमें दिए गए डिटेल्स ज्वेलरी इंडस्ट्री बॉडी (GJC) द्वारा जारी एडवाइजरी और सार्वजनिक रिपोर्ट्स पर आधारित है। काउंसिल के अनुसार, फिलहाल मिलावट के किसी पुष्ट मामले की पुष्टि नहीं हुई है। किसी भी खरीदारी से पहले आधिकारिक BIS मानकों की जांच खुद करें। हो सकें तो किसी एक्सपर्ट की सलाह भी जरूर लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।