घर बैठे चेक करें अपना PF बैलेंस, मिनटों में चल जाएगा पता, जानें पूरी प्रॉसेस

अब अपना प्रोविडेंड फंड बैलेंस जानने के लिए ईपीएफओ (EPFO) ऑफिस का चक्कर काटने की जरूरत नहीं रह गई है। भारत सरकार के ऐप के जरिए इसका पता मिनटों में लगाया जा सकता है। इस ऐप के जरिए इसके अलावा दूसरे भी कई काम किए जा सकते हैं।
 

Asianet News Hindi | Published : Apr 3, 2021 2:41 PM IST / Updated: Apr 03 2021, 08:13 PM IST

बिजनेस डेस्क। अब अपना प्रोविडेंड फंड बैलेंस जानने के लिए ईपीएफओ (EPFO) ऑफिस का चक्कर काटने की जरूरत नहीं रह गई है। भारत सरकार के ऐप के जरिए इसका पता मिनटों में लगाया जा सकता है। इस ऐप के जरिए इसके अलावा दूसरे भी कई काम किए जा सकते हैं। बता दें कि केंद्र सरकार ने साल 2017 में ही अलग-अलग सरकरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के लिए उमंग ऐप (Umang App) को लॉन्च किया था। यह एक ऐसा ऐप है, जिसके जरिए सरकार की हजारों किस्म की सेवाओं के बारे में जानकारी हासिल की जा सकती है और उनका फायदा उठाया जा सकता है। जानकारों के मुताबिक, सरकार की 20689 तरह की सेवाओं को इस ऐप के जरिए एक्सेस किया जा सकता है। उमंग ऐप के जरिए न सिर्फ प्रोविडेंट फंड, बल्कि डिजिलॉकर DigiLocker), एनपीएस (NPS), पैन कार्ड (PAN Card), गैस सिलेंडर की बुकिंग और यूटिलिटी बिल से जुड़ी दूसरी सेवाओं का भी लाभ उठाया जा सकता है।

कैसे कर सकते हैं डाउनलोड
एंड्रॉइड फोन का इस्तेमाल करने वाले प्ले स्टोर और आईफोन का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स ऐप स्टोर से उमंग ऐप (Umang App) को डाउनलोड कर सकते हैं। यूजर 9718397183 पर मिस्ड कॉल करके भी ऐप की लिंक मंगवा सकते हैं। इसके अलावा, https://web.umang.gov.in से भी ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं।

मुश्किल वक्त का सहारा है पीएफ
अक्सर लोग कठिनाई के समय में अपने प्रोविडेंट फंड से पैसे निकालते हैं। कोरोनावायरस महामारी के दौरान काफी लोगों की नौकरियां चली गईं। ऐसे संकट के समय में देखा गया कि ज्यादातर लोगों ने प्रोविडेंट फंड से पैसे निकाल कर काम चलाया। वहीं, बहुत लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें अपने पीएफ अकाउंट के बारे में जानकारी नहीं होती। इन लोगों को अपने पीएफ के पैसे निकालने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उमंग ऐप के जरिए पीएफ बैलेंस जानना बेहद आसान हो जाता है।

क्या है प्रॉसेस
सबसे पहले अपने फोन में उमंग ऐप को डाउनलोड करें। इसके बाद उमंग ऐप ओपन कर EPFO के आइकॉन पर क्लिक करें। अब Employee Centric Service पर क्लिक करें। इसके बाद पासबुक पर क्लिक करें। अब अपना UAN नंबर डालकर Get OTP पर क्लिक करें। इसके तत्काल बाद आपको रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी मिलेगा। अब ओटीपी को डालें। इसके बाद स्क्रीन पर ईपीएफ (EPF) अकाउंट का डिटेल दिखने लगेगा। इसके बाद आप अपने पीएफ अकाउंट का बैलेंस चेक कर सकते हैं। 

Share this article
click me!