
EPFO Nidhi Aapke Nikat 2.0: कई बार पीएफ का पैसा निकालना काफी परेशानी भरा हो जाता है। कभी क्लेम पेंडिंग पड़ा रहता है, तो कभी KYC या नाम की स्पेलिंग गलत होने की वजह से आवेदन रिजेक्ट हो जाता है। ऑनलाइन शिकायत करने पर भी कई बार सही जवाब नहीं मिल पाता है। लेकिन अब आपकी इस टेंशन को खत्म करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) खुद आपके करीब आ रहा है। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय के तहत EPFO अपने खास जिला-स्तरीय अभियान 'निधि आपके निकट 2.0' (Nidhi Aapke Nikat 2.0) यानी 'PF Near You' के जरिए करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान कर रहा है। आइए जानते हैं ये अभियान क्या है और आप इसका फायदा कैसे उठा सकते हैं...
शुक्रवार को EPFO ने चेन्नई और मदुरै रीजन में कई जगहों पर ये खास कैंप लगाए। मदुरै में तो कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के साथ मिलकर मदुरै, रामनाथपुरम, थेनी, शिवगंगा, विरुधुनगर और डिंडीगुल समेत 6 जिलों में एक साथ लोगों की समस्याएं सुनी गईं।
ये EPFO का एक ऐसा मंच है, जहां आपको क्षेत्रीय दफ्तरों की लंबी लाइनों या सिर्फ ऑनलाइन पोर्टल के भरोसे नहीं बैठना पड़ता। इस कार्यक्रम के तहत EPFO के अधिकारी खुद अलग-अलग जिलों में कैंप लगाते हैं। यहां कर्मचारी, पेंशनर्स और कंपनियों के मालिक (Employers) सीधे अधिकारियों के सामने बैठकर अपनी समस्या बता सकते हैं और हाथोहाथ उसका हल पा सकते हैं।
रुके हुए क्लेम और शिकायतों का निपटारा
अगर आपका PF क्लेम लंबे समय से अटका है, खाते में कोई गड़बड़ी है या पेंशन मिलने में देरी हो रही है, तो आप सीधे अधिकारी को अपनी शिकायत बताकर समाधान पा सकते हैं।
PF निकालने और ट्रांसफर करने की मदद
नौकरी बदलने पर पुराने PF खाते का पैसा नए खाते में ट्रांसफर करना हो या जरूरत पड़ने पर पैसा निकालना (Withdrawal) हो, यहां आपको पूरा सही तरीका और मदद मिलेगी।
UAN और KYC अपडेट
ज्यादातर क्लेम आधार, पैन या बैंक डिटेल लिंक न होने से फंसते हैं। कैंप में आप अपने UAN नंबर से KYC लिंक और अपडेट कराने में सीधी सहायता ले सकते हैं।
बंद पड़े पुराने खातों का पैसा
अगर आपकी पुरानी कंपनी बंद हो गई है या कोई पुराना PF खाता इनएक्टिव (निष्क्रिय) पड़ा है, तो अधिकारी उसे ट्रेस करने और उसमें जमा पैसा निकालने की प्रक्रिया में मदद करेंगे।
पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट
बुजुर्ग पेंशनर्स अपनी पेंशन बिना रुके जारी रखने के लिए इन कैंपों में जाकर अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) आसानी से जमा कर सकते हैं।
नए नियमों की जानकारी
EPFO की ऑनलाइन सेवाओं, नए बदलावों और सरकारी योजनाओं के फायदों के बारे में भी यहां विस्तार से समझाया जाता है। इसके अलावा नई कंपनियों को भी उनके नियमों और ऑनलाइन पोर्टल की ट्रेनिंग दी जाती है।
जब भी आपके जिले में EPFO का यह कैंप लगे, तो अपने साथ UAN नंबर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अपनी शिकायत से जुड़े कागजात जरूर लेकर जाएं, ताकि अधिकारी मौके पर ही आपकी समस्या को सिस्टम में चेक करके सुलझा सकें।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। अपने शहर या जिले में 'निधि आपके निकट 2.0' कैंप की अगली तारीख और पते की सटीक जानकारी के लिए EPFO की आधिकारिक वेबसाइट (epfindia.gov.in) या नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क करें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।