
Smart Investment Tips: हर कोई चाहता है कि उसकी कमाई सिर्फ बैंक अकाउंट में ही न पड़ी रहे, बल्कि दिन-रात तेजी से बढ़े। लेकिन ज्यादातर लोग दो गलतियों में फंस जाते हैं। या तो वे पैसे को बैंक FD में रखकर महंगाई से हार जाते हैं या फिर रातों-रात अमीर बनने के चक्कर में किसी धोखाधड़ी या बिना सोचे-समझे सट्टे में पैसे डुबा बैठते हैं। अगर आप भी सोच रहे हैं कि पैसा तेजी से कैसे बनाएं, तो इसके लिए सही फाइनेंशियल प्लानिंग बनानी पड़ेगी। आइए जानते हैं 5 ऐसे स्मार्ट तरीके, जिन्हें अपनाकर आप अपना पैसा तेजी से बढ़ा सकते हैं...
पैसे की ग्रोथ को समझने के लिए सबसे आसान फॉर्मूला 'Rule of 72' है। आप जिस भी जगह पैसा निवेश (Invest) कर रहे हैं, उसके मिलने वाले सालाना ब्याज (Interest Rate) से 72 को भाग (Divide) कर दीजिए। जो नंबर आएगा, उतने सालों में आपका पैसा दोगुना हो जाएगा। जैसे अगर बैंक एफडी में 6% ब्याज मिल रहा है, तो इस फॉर्मूले के इस्तेमाल से 12 आएगा। यानी पैसा डबल होने में 12 साल लगेंगे। वहीं, अगर म्यूचुअल फंड में 12% का रिटर्न मिलता है, तो भाग देने पर 6 आएगा। यानी सिर्फ 6 साल में पैसा डबल हो जाएगा। अगर पैसा तेजी से बढ़ाना है, तो कम से कम 10% से 15% रिटर्न देने वाले ऑप्शन को चुनना बेहतर हो सकता है।
महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन ने कंपाउंडिंग को दुनिया का आठवां अजूबा कहा था। कंपाउंडिंग का मतलब है 'ब्याज पर भी ब्याज मिलना'। अगर आप 25 साल की उम्र से सिर्फ 2,000 रुपए महीने की SIP (म्यूचुअल फंड) शुरू करते हैं, तो 12-15% के औसत रिटर्न से 50 की उम्र आते-आते यह छोटी सी रकम 50 लाख रुपए से भी ज्यादा बन सकती है। आप जितनी जल्दी निवेश शुरू करेंगे, कंपाउंडिंग आपके पैसे को उतनी ही तेजी से बढ़ाएगी।
अगर आप महंगाई (Inflation) को हराकर तेजी से वेल्थ बनाना चाहते हैं, तो शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। अगर आपको कंपनियों के बारे में अच्छी जानकारी है, तो मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों (Large-cap Stocks) में निवेश कर सकते हैं। अगर आपको बाजार की समझ नहीं है, तो हर महीने एक निश्चित रकम जैसे 1,000 या 2,000 रुपए इंडेक्स फंड या फ्लेक्सी-कैप फंड में डाल सकते हैं। यह लॉन्ग-टर्म में 12% से 15% तक का रिटर्न दे सकता है।
ज्यादातर लोग SIP तो शुरू कर देते हैं, लेकिन हर साल उसमें रकम बढ़ाना भूल जाते हैं। पैसा तेजी से बढ़ाने के लिए स्टेप-अप एसआईपी (Step-up SIP) सबसे स्मार्ट टूल हो सकता है। इसके लिए सिर्फ करना ये है कि जैसे-जैसे हर साल आपकी सैलरी या बिजनेस की कमाई बढ़े, अपनी SIP की रकम में भी कम से कम 10% का इजाफा करें। अगर आप 5,000 रुपए की SIP में हर साल 10% रकम बढ़ाते हैं, तो आम SIP के मुकाबले आपका फाइनल फंड तेजी से बनता है।
पैसे को तेजी से बढ़ाने का मतलब यह नहीं कि आप सारा पैसा जोखिम में डाल दें। स्मार्ट निवेशक हमेशा अपने पोर्टफोलियो को बैलेंस (Diversification) रखते हैं। इक्विटी या म्यूचुअल फंड में तेजी से ग्रो के लिए 60% पैसा रख सकते हैं। गोल्ड में 15-20% तक निवेश कर सकते हैं, क्योंकि जब शेयर बाजार गिरता है, तो सोना आपके पैसे को सुरक्षा देता है। आप चाहें तो डिजिटल गोल्ड या सोवरेन गोल्ड बॉन्ड में पैसे लगा सकते हैं। इसके बाद इमरजेंसी और सुरक्षित रिटर्न के लिए 20% डेट, एफडी या पीपीएफ में निवेश कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ शैक्षणिक और जागरूकता के लिए है। इसे किसी भी प्रकार की वित्तीय सलाह, स्टॉक खरीदने या बेचने की सिफारिश (Investment Advice) न माना जाए। शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (SEBI Registered Financial Advisor) से सलाह जरूर लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।