
Elon Musk Vs Donald Trump : अमेरिका में दो टाइटन आमने-सामने हैं। एक व्हाइट हाउस (White House) के बादशाह यानी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दूसरे दुनिया की सबसे इनोवेटिव कंपनियों का सरताज और सबसे अमीर इंसान एलन मस्क हैं। इस विवाद का असर ट्रंप की कंपनियों के स्टॉक्स पर पड़ा है और वे बुरी तरह क्रैश कर गए हैं। उनकी इस भिड़ंत की वजह से मस्क को 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ा है। इतना तो पाकिस्तान अपने पूरे साल चलाने में भी खर्च नहीं करता है। एक दिन में मस्क का घाटा – एक देश की साल भर की कमाई से ज्यादा! आइए जानते हैं दोनों के बीच तकरार क्यों हैं और इसका क्या असर पड़ा है...
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने हाल ही में एक नई टैक्स पॉलिसी का संकेत दिया, जिसमें अरबपतियों और टेक दिग्गजों पर खास ध्यान देने की बात थी। ट्रंप ने नाम लिए बिना मस्क को निशाने पर लिया और मस्क ने भी पलटवार करते हुए तीखा बयान दे डाला। इतना ही नहीं, उन्होंने ट्रंप की 'नीति-बदलाव' सोच पर खुलकर विरोध जताया। इस सियासी बवाल का असर US के स्टॉक मार्केट तक भी पहुंचा।
गुरुवार, 5 जून को टेस्ला के शेयर में अचानक आई 9.53% की गिरावट से मस्क की नेटवर्थ में ज़ोरदार गिरावट आई। कारोबार के दौरान यह गिरावट 14% तक भी पहुंची। टेस्ला का शेयर 300.41 डॉलर तक लुढ़का और एलन मस्क की नेटवर्थ 33.9 अरब डॉलर (करीब 2.93 लाख करोड़ रुपए) घट गई। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के मुताबिक, अब उनकी कुल नेटवर्थ 335 अरब डॉलर रह गई है।
इस गिरावट का असर सिर्फ मस्क की नेटवर्थ पर ही नहीं, बल्कि टेस्ला की कंपनी वैल्यू पर भी पड़ा। एक दिन में टेस्ला का मार्केट कैप 150 अरब डॉलर गिरकर 916 अरब डॉलर पर आ गया यानी कंपनी अब 1 ट्रिलियन डॉलर क्लब से बाहर हो गई। ये टेस्ला की हिस्ट्री की सबसे बड़ी 1 दिन की गिरावट है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, मस्क और ट्रंप के विवाद का असर सिर्फ टेस्ला तक ही नहीं रहेगा। इससे SpaceX, Neuralink और X (Twitter) जैसे मस्क के दूसरे प्रोजेक्ट्स की निवेशकों की नजरों में रिस्क फैक्टर बढ़ा है। अमेरिकी राजनीति से टकराव किसी भी बड़े बिजनेस एम्पायर के लिए रिस्क लेकर आता है और मस्क अब उसी चक्रव्यूह में घिरे हैं।
इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने हुए हैं। 2025 की शुरुआत से अब तक वो लगभग 97.9 अरब डॉलर (करीब 8.5 लाख करोड़ रुपए)गंवा चुके हैं, फिर भी वो अरबपतियों की लिस्ट में टॉप पर हैं।
पाकिस्तान ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जो कुल बजट पास किया है, वो एलन मस्क की एक दिन की गिरावट से भी कम है। पाकिस्तान का बजट करीब 2.92 लाख करोड़ रुपए है, वहीं मस्क ने एक दिन में 2.93 लाख करोड़ रुपए गंवा दिए।