
G20 Summit 2023 Updates: जी20 सम्मेलन में आईं विदेशी नेताओं की पत्नियों को पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) कैम्पस में घुमाया गया। इस दौरान भारत के अलग-अलग राज्यों से आई महिलाओं ने अपने खास प्रोडक्ट पेश किए। जी20 नेताओं की पत्नियों ने यहां खेती-किसानी से जुड़ी चीजों के अलावा भारतीया कला और संस्कृति को भी बेहद करीब से अनुभव किया।
ऋषि सुनक की पत्नी ने किया नमस्ते
महाराष्ट्र से आईं अनीता माल्गे ने जहां विदेशी मेहमानों को ज्वार-बाजरे की रोटी दिखाई, वहीं छत्तीसगढ़ से आईं निर्मला भास्कर ने मेहमानों को कोदो के लड्डू और कुकीज दिखाए। ब्रिटिश प्राइम मिनिस्टर ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति ने सभी से हाथ जोड़कर नमस्ते किया। वहीं, वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा की पत्नी रितु बांगा ने निर्मला भास्कर को गले से लगा लिया। इसके बाद निर्मला ने मेहमानों को रागी के लड्डू खाने के लिए दिए।
विदेशी मेहमानों को पसंद आए मोटे अनाज से बने प्रोडक्ट्स
तरू नेचुरल की डॉ. पूनम जैन और उनकी बेटी रुचि जैन ने मिलेट्स यानी मोटे अनाज के किसानों को मार्केटिंग व फार्मिंग के तरीके बताते हुए एक ग्रुप बनाया। अब मोटे अनाज से बने इनके प्रोडक्ट्स की सप्लाई कई बड़े होटलों के अलावा ऑनलाइन भी होती है। पूनम जैन ने कहा- हमे इस बात का डर था कि विदेशी मेहमानों को मोटे अनाज से बनी चीजें पसंद आएंगी कि नहीं। लेकिन उनका रिस्पांस गजब का था।
मिलेट्स से बनी रंगोली के साथ खिंचवाई फोटो
G20 के लीडर्स की पत्नियों के लिए यहां खासतौर पर मिलेट्स से बनी रंगोलियां सजाई गई थीं। इनमें भारत के अलावा 18 देशों के मिलेट्स शामिल किए गए थे। इन्हीं में से एक रंगोली में भारतीय खेती की परंपरा और उसमें महिलाओं की भूमिका को दिखाया गया था।
मध्य प्रदेश की ट्राइबल किसान से भी मिलीं विदेशी महिलाएं
विदेशी मेहमानों के ग्रुप ने मध्य प्रदेश की ट्राइबल किसान लहरी बाई से भी मुलाकात की। इन्होंने मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने के लिए काफी काम किया है। इसके अलावा मेहमानों को एग्जीबिशन भी दिखाई गई। IARI, पूसा में छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, असम, बिहार, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा और तमिलनाडु से महिला किसान पहुंची थीं।
ये भी देखें :
G20 में दिखा साड़ी का जलवा, देखें प्रधानमंत्रियों की पत्नियों के Look
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News