
मुंबई: रतन टाटा की सौतेली मां और लैक्मे, वेस्टसाइड, ट्रेंट जैसे बड़े ब्रांड्स की संस्थापक सिमोन टाटा का निधन हो गया है। 95 साल की सिमोन टाटा पिछले कई दिनों से पार्किंसन की बीमारी से जूझ रही थीं। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां आज उन्होंने आखिरी सांस ली।
अगस्त के महीने में, पार्किंसन की वजह से सिमोन टाटा की तबीयत बहुत खराब हो गई थी। दुबई में इलाज करा रहीं सिमोन टाटा को तब मुंबई एयरलिफ्ट किया गया था। सिमोन टाटा एक ऐसी महिला उद्यमी थीं, जिन्होंने पूरी दुनिया का ध्यान भारत की ओर खींचा। स्विट्जरलैंड में जन्मीं सिमोन टाटा एक टूरिस्ट के तौर पर भारत आई थीं और फिर यहीं की होकर रह गईं।
सिमोन टाटा कुछ सालों से उम्र से जुड़ी बीमारियों से परेशान थीं। 2006 के बाद से वह सार्वजनिक तौर पर बहुत कम नजर आती थीं। खासकर 2020 के बाद तो वह कहीं भी नहीं दिखीं। अक्टूबर 2024 में जब रतन टाटा का निधन हुआ, तो वह उनके अंतिम संस्कार में नजर आई थीं। यह आखिरी बार था जब सिमोन टाटा को सार्वजनिक रूप से देखा गया था। रतन टाटा की सौतेली मां होने के बावजूद, सिमोन टाटा का उनसे खास लगाव था। रतन टाटा के निधन के बाद, सिमोन टाटा के बेटे नोएल टाटा अब टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन हैं।
भारत घूमने आईं सिमोन की मुलाकात भारत के मशहूर बिजनेसमैन नवल टाटा से हुई। उस वक्त नवल टाटा का तलाक हो चुका था। सिमोन टाटा ने खुद से 26 साल बड़े नवल टाटा से शादी की और मुंबई में ही बस गईं।
आज फैशन की दुनिया में लैक्मे एक बहुत बड़ा ब्रांड बन चुका है। लेकिन इसकी शुरुआत इसी सिमोन टाटा ने की थी। उन्होंने न सिर्फ वेस्टसाइड, ट्रेंट समेत कई प्रोडक्ट्स शुरू किए, बल्कि उन्हें दुनिया का टॉप ब्रांड बनाने का श्रेय भी सिमोन टाटा को ही जाता है। लैक्मे फैशन ब्रांड को टाटा ग्रुप ने 1996 में हिंदुस्तान यूनिलीवर को बेच दिया था। तब तक सिमोन टाटा चेयरमैन के तौर पर इसे संभाल रही थीं। वह 2006 तक ट्रेंट लिमिटेड की चेयरमैन के रूप में काम करती रहीं।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News