
North East First Vande Bharat: भारत की सबसे आधुनिक और तेज चलने वाली ट्रेन वंदे भारत धीरे-धीरे सभी राज्यों में चलाई जा रही हैं। अब तक देशभर में 15 वंदे भारत ट्रेनें शुरू हो चुकी हैं। देश की 16वीं वंदे भारत ट्रेन नॉर्थ-ईस्ट (पूर्वोत्तर भारत) के असम राज्य को मिलने वाली है। इस ट्रेन का उद्घाटन इसी महीने की 14 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर सकते हैं।
किन दो शहरों के बीच चलेगी 16वीं वंदे भारत?
देश की 16वीं वंदे भारत ट्रेन असम की राजधानी गुवाहाटी से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलेगी। यह ट्रेन 16 कोच के साथ चलेगी और इस रूट पर इसकी मैक्सिमम स्पीड 110 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इस ट्रेन के चलने से पूर्वोत्तर के राज्यों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
देशभर में दौड़ रहीं 15 वंदे भारत ट्रेन
1- नई दिल्ली-वाराणसी
देश की पहली वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच 15 फरवरी, 2019 को चलाई गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
2- नई दिल्ली-कटड़ा
देश की दूसरी वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलाई गई। इस ट्रेन का उद्घाटन 3 अक्टूबर, 2019 को हुआ।
3- मुंबई-गांधीनगर
देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन मुंबई से गुजरात की राजधानी गांधीनगर के बीच 30 सितंबर, 2022 को चलाई गई।
4- नई दिल्ली-अंब अंदौरा
देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन 13 अक्टूबर, 2022 को नई दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के अम्ब अंदौरा के बीच चलाई गई थी।
5- मैसूर-चेन्नई
देश की पांचवीं वंदे भारत ट्रेन कर्नाटक के मैसूर शहर से तमिलनाडु के चेन्नई के बीच 11 नवंबर, 2022 को चलाई गई।
6- नागपुर-बिलासपुर
11 दिसंबर, 2022 को देश की छठी वंदे भारत ट्रेन चलाई गई। यह ट्रेन महाराष्ट्र के नागपुर से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के बीच चल रही है।
7- हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी
30 दिसंबर 2022 को देश की सातवीं वंदे भारत ट्रेन चलाई गई। यह पश्चिम बंगाल के हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चल रही है।
8- विशाखापट्नम-सिकंदराबाद
आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस आंध्रप्रदेश के विशाखापट्नम से सिकंदराबाद के बीच शुरू हुई। इस ट्रेन को पीएम मोदी ने 15 जनवरी, 2023 को हरी झंडी दिखाई।
9- मुंबई-सोलापुर
देश की 9वीं वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई से सोलापुर के बीच चलाई गई। यह ट्रेन 10 फरवरी, 2023 से चल रही है।
10- मुंबई-शिरडी
देश की 10वीं वंदे भारत ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से साईंनगर शिर्डी के बीच शुरू हुई। इस ट्रेन को भी 10 फरवरी, 2023 को ही शुरू किया गया।
11- रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन
11वीं वंदे भारत ट्रेन 1 अप्रैल, 2023 को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन के बीच चलाई गई।
12- सिकंदराबाद-तिरुपति
देश की 12वीं वंदे भारत ट्रेन तिरुपति से सिकंदराबाद के बीच शुरू हुई। इसे पीएम मोदी ने 8 अप्रैल, 2023 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
13- चेन्नई-कोयंबटूर
13वीं वंदे भारत ट्रेन चेन्नई से कोयम्बटूर के बीच शुरू हुई। इस ट्रेन को भी 8 अप्रैल, 2023 को ही शुरू किया गया। ये हफ्ते में 6 दिन चलती है।
14- दिल्ली-अजमेर
14वीं वंदे भारत ट्रेन 12 अप्रैल, 2023 से शुरू हुई। इस ट्रेन को दिल्ली से राजस्थान के अजमेर शहर के बीच चलाया जा रहा है।
15 - तिरुवनंतपुरम-कन्नूर
देश की 15वीं वंदे भारत ट्रेन 25 अप्रैल को केरल के दो शहरों तिरुवनंतपुरम से कन्नूर के बीच चलाई गई। इसे पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये भी देखें :
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News