Union Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी। वह लगातार 8वां बजट पेश करेंगी। यह एक रिकॉर्ड होगा। सबसे अधिक बजट पेश करने का रिकॉर्ड मोरारजी देसाई के पास है। उन्होंने अलग-अलग समय पर 10 बजट पेश किए थे।

03:30 PM (IST) Feb 01
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि बजट बहुत संतुलित और विकास को बढ़ावा देने वाला है। यह बजट विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला है। इसमें गरीब और किसान का कल्याण है। वंचितों का सम्मान है। इससे नारी शक्ति और मध्यम वर्ग का उत्थान होगा। यह आम व्यक्ति का बजट है।
02:39 PM (IST) Feb 01
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट 2025 पर कहा कि यह देश के विकास को बढ़ाएगा। यह जनता का बजट है। आमतौर पर बजट का फोकस इस बात पर रहता है कि सरकार का खजाना कैसे बढ़ेगा, लेकिन यह बजट देश के नागरिकों की जेब कैसे भरेगी, बचत कैसे बढ़ेगी, देश के नागरिक विकास के भागीदार कैसे बनेंगे इसपर है। परमाणु क्षेत्र में निजी क्षेत्र को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया है।
02:24 PM (IST) Feb 01
बजट 2025 पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज देश के इतिहास का महत्वपूर्ण बजट पेश किया है। यह बजट हमारी अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने वाला है। इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर का बजट बढ़ा है। इससे इंफ्रा और रोड सेक्टर में इसका बहुत बड़ा फायदा होगा। कृषि क्षेत्र को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। आयकर सुधार से मध्यम वर्ग के लोगों को बहुत बड़ा लाभ होगा।"
01:55 PM (IST) Feb 01
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का बजट है। विकास की ललक, विश्वास की महक और विकसित भारत के निर्माण की तड़प है। कृषि और किसानों के कल्याण पर सबसे अधिक ध्यान दिया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड पर अब 5 लाख रुपए तक मिलेंगे। अनेक तोहफे मिले हैं। इनकम टैक्स में छूट की सीमा 12 लाख रुपए करना मध्यम वर्ग के लिए वरदान है।"
12:18 PM (IST) Feb 01
निर्मला सीतारमण ने कहा कि 12-15 लाख रुपए आमदनी होने पर 15 फीसदी इनकम टैक्स लगेगा। 15-20 लाख रुपए आय पर 20% और 20-25 लाख रुपए आय होने पर 25% टैक्स लगेगा।
12:15 PM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि 12 लाख रुपए तक आमदनी होने पर कोई इनकम टैक्स नहीं देना होगा। इतना सुनते ही सदन में मौजूद सांसद मोदी..मोदी.. के नारे लगाने लगे।
12:08 PM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री ने सीनियर सिटीजन के लिए टैक्स छूट की घोषणा की। बुजुर्गों को ब्याज पर लगने वाले टैक्स में छूट मिलेगी। टीडीएस, टीसीएस आसान बनाया जाएगा।
12:05 PM (IST) Feb 01
निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीवन रक्षक दवाएं सस्ती होंगी। ईवी सस्ते होंगे। कपड़े का सामान सस्ता होगा। LED टीवी के दाम कम होंगे। कैंसर, पुरानी या अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए 36 जीवन रक्षक दवाओं को मूल सीमा शुल्क से पूरी तरह छूट वाली दवाओं की सूची में जोड़ा गया है।
11:55 AM (IST) Feb 01
निर्मला सीतारमण ने कहा कि बजट घाटा कम हो रहा है। वित्तीय घाटा 4.8 है। वित्त वर्ष 2025-26 में बजट घाटा कम कर 4.4 फीसदी करने का लक्ष्य है। उधार के अलावा कुल प्राप्तियों का संशोधित अनुमान 31.47 लाख करोड़ रुपए है। इसमें टैक्स से 25.57 लाख करोड़ रुपए मिलेंगे।
11:48 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री ने कहा कि अगले सप्ताह नया इनकम टैक्स बिल सदन में पेश किया जाएगा।
11:45 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री ने कहा कि निजी सेक्टर को रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए 20 हजार करोड़ रुपए की मदद दी जाएगी। डीप टेक फंड पर सरकार का जोर है। वीजा नियमों को आसान बनाया जाएगा। शिपिंग सेक्टर पर सरकार का फोकस है। 10 साल में कई सुधारों को लागू किया जाएगा।
11:43 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री ने कहा कि 1 लाख अधूरे घर पूरे होंगे। वेस्टर्न कोसी कनाल प्रोजेक्ट को वित्तीय मदद देंगे। इससे 50 हजार हेक्टेयर जमीन की सिंचाई होगी। राज्यों के साथ मिलकर 50 पर्यटन केंद्रों को विकसित किया जाएगा। मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा देंगे।
11:39 AM (IST) Feb 01
न्यूक्लियर एनर्जी में रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए 20 हजार करोड़ रुपए का परमाणु ऊर्जा मिशन शुरू होगा। न्यूक्लियर एनर्जी से 200 GW बिजली पैदा की जाएगी। नई उड़ान योजना से 100 शहर जोड़ेंगे। बिहार में नए ग्रीन फिल्ड एयरपोर्ट खुलेंगे। 10 साल में 120 नए एयरपोर्ट खोलेंगे। पहाड़ी इलाकों में छोटे एयरपोर्ट बनाए जाएंगे।
11:35 AM (IST) Feb 01
ई-श्रम पोर्टल का गठन होगा। 200 डे केयर कैंसर सेंटर खुलेंगे। अर्बन चैलेंज फंड के लिए 1 लाख करोड़ रुपए दिए गए हैं। जल जीवन मिशन 2028 तक बढ़ाया जाएगा।
11:31 AM (IST) Feb 01
IIT पटना को आर्थिक मदद दी जाएगी। IIT में 6500 सीटें बढ़ाई जाएंगी। 23 IIT में छात्रों की संख्या दोगुनी की जाएगी। 5 साल में 75 हजार मेडिकल सीटें बढ़ाएंगे। तीन AI एक्सीलेंट सेंटर बनाए जाएंगे। ऊर्जा और खनन क्षेत्र पर जोर है। लेदर स्कीम के जरिए 22 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
11:26 AM (IST) Feb 01
भारतीय खिलौनों के लिए सपोर्ट स्कीम शुरू किया जाए। भारत को वैश्विक खिलाना केंद्र बनाने की योजना है। मैन्यूफैक्चरिंग मिशन में क्लीन टेक को बढ़ावा दिया जाएगा। स्टार्टअप को 20 करोड़ रुपए तक कर्ज मिलेगा। नए उद्योगपतियों को 2 करोड़ रुपए तक कर्ज दिया जाएगा। छोटे कारोबारियों को 5 करोड़ रुपए तक कर्ज मिलेगा।
11:21 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री ने कहा कि MSME की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। स्टार्टअप के लिए सीमा 10 करोड़ रुपए की गई है। किसान क्रेडिट कार्ड में लोन सीमा 5 लाख रुपए करेंगे। कपास किसानों को 5 साल का पैकेज मिलेगा। कपास प्रोडक्शन मिशन शुरू किया जाएगा। नई यूरिया फैक्ट्री लगेगी।
11:17 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार दलहन, तिलहन में आत्मनिर्भरता पर जोर दे रही है। तुर, उड़द, मसूर जैसे दाल के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को खेती का उचित मुआवजा देंगे। भारत दाल उत्पादन में आत्मनिर्भर होगा। मछली उत्पादन को बढ़ावा देंगे।
11:14 AM (IST) Feb 01
निर्मला सीतारमण ने कहा कि ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को अधिक सहायता दी जाएगी। तिलहन के क्षेत्र में सरकार का जोर है। कृषि क्षेत्र पर सरकार का पूरा ध्यान है। 100 जिलों में पीएम धन धान्य योजना शुरू होगी। बिहार के मखाना किसानों के लिए बजट में आस ऐलान किए गए हैं। उन्हें अच्छे बीच मिलेंगे।
11:09 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री ने निर्मला सीतारमण ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इकोनॉमी को गति देंगे। हमारा ध्यान स्वास्थ्य सेवाओं पर है। अगले 5 साल विकास का मौका है। हमारा लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक मजबूती देना है। ये विकसित भारत का बजट है।
11:03 AM (IST) Feb 01
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों द्वारा हंगामा किया जाना शुरू हो गया। हंगामे के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया।
10:58 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में नरेंद्र मोदी ने कहा कि बजट 2025 आम आदमी का बजट है। यह गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं का बजट है।
10:49 AM (IST) Feb 01
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संसद में पेश किए जाने से पहले बजट 2025 पास कर दिया। बैठक पूरी हो गई है। अब वित्त मंत्री थोड़ी देर में सदन में बजट पेश करेंगी।
10:47 AM (IST) Feb 01
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि हमें बजट से बहुत उम्मीदें नहीं हैं कि बड़ी घोषणाएं की जाएंगी और निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा। देखते हैं कि मध्यम वर्ग को टैक्स में कुछ छूट मिलती है या नहीं। निवेशकों को 'टैक्स टेररिज्म' से राहत मिलती है या नहीं। हमने जीएसटी में कुछ सुधारों की मांग की है।
10:35 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगी। इससे पहले वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलीं। राष्ट्रपति ने शुभ शगुन के लिए वित्त मंत्री को 'दही-चीनी' खिलाई।
10:29 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह बजट निरंतरता वाला होगा। यह देश के देश के कल्याण के लिए, गरीबों के कल्याण के लिए और देश को विकसित बनाने के संकल्प की दिशा में एक नया और मजबूत कदम होगा।
10:20 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह बजट निरंतरता वाला होगा। यह देश के देश के कल्याण के लिए, गरीबों के कल्याण के लिए और देश को विकसित बनाने के संकल्प की दिशा में एक नया और मजबूत कदम होगा।
10:15 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस देश की अर्थव्यवस्था है तब से हमने गरीबों के हित वाला बजट पेश किया है। इस बार भी ऐसा ही होगा।
10:04 AM (IST) Feb 01
राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद भवन पहुंच गईं हैं। वह 11 बजे बजट पेश करेंगी।
10:00 AM (IST) Feb 01
IMC चैंबर ऑफ कॉमर्स के उप महानिदेशक संजय मेहता ने कहा है कि सरकार बजट में राजकोषीय अनुशासन का ध्यान रखेगी। इसके बाद कृषि, ग्रामीण विकास, रोजगार और विनिर्माण, पूंजीगत व्यय, बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
09:47 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुलाकात की है। वित्त मंत्री ने बजट 2025 को लेकर राष्ट्रपति को जानकारी दी है।
09:40 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी बजट 2025 संसद में पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने राष्ट्रपति भवन पहुंचे।
09:36 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मधुबनी कलाकार और पद्म पुरस्कार विजेता दुलारी देवी से गिफ्ट मिली साड़ी पहनी है। दुलारी देवी को 2021 में पद्म श्री पुरस्कार मिला था। वित्त मंत्री मिथिला कला संस्थान में क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम के लिए मधुबनी गईं थी तब उनकी मुलाकात दुलारी देवी से हुई थी। दुलारी देवी ने साड़ी भेंट कर बजट के दिन पहनने का आग्रह किया था।
09:16 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त मंत्रालय से बाहर आकर मीडिया को बजट टैब दिखाया। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के लिए राष्ट्रपति भवन गईं।
08:47 AM (IST) Feb 01
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने आवास से निकलीं हैं। वह वित्त मंत्रालय जाएंगी। सीतारमण 11 बजे संसद में बजट पेश करेंगी।
08:37 AM (IST) Feb 01
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी वित्त मंत्रालय पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी यहां आएंगी। वह आज संसद में बजट पेश करेंगी।
08:20 AM (IST) Feb 01
बजट 2025 से उम्मीद है कि केंद्र सरकार रेलवे, रक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दे सकती है। रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपए के निवेश की जरूरत है। रक्षा क्षेत्र को स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए करीब 6 लाख करोड़ रुपए चाहिए। वहीं, किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1.35 लाख करोड़ रुपए से 1.4 लाख करोड़ रुपए के बीच आवंटन की उम्मीद है।
07:52 AM (IST) Feb 01
वित्त मंत्री से उम्मीद है कि वह राजकोषीय घाटा कम करने पर भी ध्यान दे सकती हैं। यह सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। इस समय राजकोषीय घाटा 9.14 लाख करोड़ रुपए है। यह सालाना लक्ष्य का 56.7% है। सरकार का लक्ष्य इस साल राजकोषीय घाटा को GDP (सकल घरेलू उत्पाद) के 4.9% तक कम करना है। इसके लिए सरकार को अपने खर्च पर नियंत्रण करना होगा।
07:07 AM (IST) Feb 01
बजट से मध्यम वर्ग को रियायतें मिलने की उम्मीद है। इनकम टैक्स रेट में कमी के साथ ही स्टैंडर्ड डिडक्शन में वृद्धि की उम्मीद की जा रही है। इस समय पुरानी कर व्यवस्था के तहत, मूल आय छूट सीमा 2.50 लाख रुपए और नई कर व्यवस्था के तहत 3 लाख रुपए है।
07:04 AM (IST) Feb 01
संसद में निर्मला सीतारमण का बजट भाषण 11 बजे शुरू होगा। उम्मीद की जा रही है कि मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए टैक्स में कटौती की जा सकती है। बजट पेश किए जाने से एक दिन पहले नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं देवी लक्ष्मी से प्रार्थना करता हूं कि देश के गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर उनकी कृपा बनी रहे।"