फोर्ब्स की लिस्ट में अब भी सबसे अमीर भारतीय हैं मुकेश अंबानी, दूसरे नंबर पर डीमार्ट के दमानी

HCL समूह के सह-संस्थापक शिव नादर 11.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
 

Kalpana Shital | Published : May 6, 2020 12:18 PM IST / Updated: May 06 2020, 05:50 PM IST

नई दिल्ली. कोरोना वायरस की महामारी के बीच दुनियाभर के बड़े कारोबारियों की संपत्ति में बड़ा बट्टा लगा है और आर्थिक मंदी के कारण उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। भारत के बड़े कारोबारी भी इससे अछूते नहीं हैं और उनकी संख्या में कमी हुई है। हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी अभी भी देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।

अंतरराष्ट्रीय पत्रिका 'फोर्ब्स' द्वारा जारी 2020 के अरबपतियों की सूची में ये जानकारियां सामने आई हैं।

टॉप 3

ये हैं भारत के तीन सबसे अमीर व्यक्ति

फोर्ब्स के अनुसार, मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 36.8 अरब डॉलर (लगभग 2,785 अरब रुपये) है और वे भारत के सबसे अमीर व्यक्ति हैं।

उनके बाद डीमार्ट सुपरमार्केट चेन के मालिक राधाकिशन दमानी का नंबर आता है जिनकी कुल संपत्ति 13.8 अरब डॉलर है। ये पहली बार है जब दमानी भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं।

HCL समूह के सह-संस्थापक शिव नादर 11.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

नया नाम जुड़ा

'BYJU's लर्निंग ऐप' के संस्थापक बायजू रवींद्रन को पहली बार सूची में जगह मिली है। गणित के पूर्व अध्यापक और शिक्षा संबंधित 'BYJU's लर्निंग ऐप' के संस्थापक 37 वर्षीय बायजू रवींद्रन पहली बार अरबपतियों की सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 1.8 अरब डॉलर है और वो फॉर्ब्स की सूची में जगह पाने वाले भारत के सबसे युवा अरबपति हैं।

BYJU's लर्निंग ऐप पर तमाम कोर्सों से संबंधित ऑनलाइन शिक्षा दी जाती है और जनवरी तक इसकी कीमत आठ अरब डॉलर थी। फेसबुक ने भी इसमें निवेश किया है।

असर

कोरोना वायरस महामारी के कारण बंद पड़ी अर्थव्यवस्था असर अरबपतियों की सेहत पर भी पड़ा है और उनकी कुल संपत्ति में अरबों डॉलर की कमी आई है। दुनिया के सभी अरबपतियों की कुल संपत्ति पिछले 8.7 लाख करोड़ डॉलर से घटकर आठ लाख करोड़ रुपये हो गई है। फोर्ब्स के अनुसार, सबसे ज्यादा 778 अरबपति एशिया-पैसिफिक इलाके से आते हैं। इसके बाद अमेरिका से 614 और यूरोप से 511 अरबपति हैं।

भारत के अरबपतियों की संपत्ति में 313 अरब डॉलर की कमी

भारत की बात करें तो देश में अरबपतियों की संपत्ति 23 प्रतिशत कमी के साथ 313 अरब डॉलर हो गई है। भारत में अरबपतियों की संख्या भी पिछले साल 106 के मुकाबले 102 हो गई है।

भारत से ज्यादा अरबपतियों की बात करें तो अमेरिका में 614, चीन में 389 और जर्मनी में 107 अरबपति हैं। अमेरिका में पिछले साल 607 और चीन में 324 अरबपति थे। रूस में 99 अरबपति हैं।

Share this article
click me!