नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रविवार को भी इजाफा (Petrol-Diesel price hike) हुआ। पेट्रोल की कीमतें 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ने के बाद दिल्ली में पेट्रोल 103.41 रुपए प्रति लीटर हो गया है। यहां डीजल की कीमतें 94.67 रुपए लीटर पर पहुंच गई हैं। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमतों में 84 और डीजल की कीमतों में 85 पैसे की वृद्धि हुई। इसके बाद आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 118.41 रुपए और डीजल 102.64 रुपए पर पहुंच गया है। कोलकाता में पेट्रोल 113.03 रुपए और डीजल 97.82 रुपए लीटर पर पहुंच गया है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 108.96 रुपए और लीटर तो डीजल 99.04 रुपए लीटर पर बिक रहा है।
... तो एक महीने में 24 रुपए महंगा होगा पेट्रोल
22 मार्च से 3 अप्रैल तक 13 दिन में 11 बार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाई गई हैं। इस दौरान लगभग हर दिन 80 पैसे लीटर कीमतें बढ़ाई गईं। रोज 80 पैसे की दर से कीमतें बढ़ती हैं तो एक महीने में पेट्रोल 24 रुपए लीटर महंगा हो जाएगा। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टिप्पणी की। उन्होंने रोज होने वाली वृद्धि के हिसाब से कहा कि अगला चुनाव आने तक पेट्रोल की कीमत 275 रुपए लीटर तक पहुंच जाएगी।
देश के कई शहरों में पेट्रोल 110 रुपए पार
महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान के शहरों में पेट्रोल की कीमतें 110 रुपए के पार पहुंच चुकी हैं। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनावों के नतीजों के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगभग हर रोज इजाफा हो रहा है। रविवार को लगातार 13वें दिन फ्यूल की कीमतों में इजाफा हुआ। अलग-अलग राज्यों में वैट के हिसाब से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा होता है। रविवार को पेट्रोल की कीमतों में 74 पैसे से लेकर 85 पैसे तक की वृद्धि हुई।
जेबकतरी तो आपकी मालकिन हैं... सुरजेवाला के ट्वीट पर लोगों का जवाब
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया- दिन बदला और बदला साल, मगर नहीं बदला महंगाई का बुरा हाल। संडे मॉर्निंग भी लोगों से लूट। अबकी बार जेबकतरी सरकार। हालांकि, सुरजेवाला इस ट्वीट पर खुद घिर गए। लोगों ने मनमोहन सिंह के वो पुराने बयान याद दिलाए, जिनमें उन्होंने कहा था कि पैसे पेड़ पर नहीं उगते हैं। डीजल का दाम बढ़ाना जरूरी है। एक यूजर ने कहा- सोनिया गांधी वर्षों से दिल्ली के सरकारी आवास का किराया नहीं दे रही हैं। करोड़ों रुपए बकाया हैं। जेबकतरी तो आपकी मालकिन हैं।
ऐसे अपने शहर में जानें पेट्रोल की कीमतें
आपके शहर में पेट्रोल-डीजल के रेट क्या हैं, यह आप एसएमएस के जरिए जान सकते हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर जाकर आपको RSP और अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना है। हर शहर का कोड अलग-अलग है। यह कोड आपको आईओसीएल की वेबसाइट से मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें Petrol Diesel Price, 2 April 2022: 12 दिन में फ्यूल के दाम में 7 रुपए से ज्यादा का इजाफा
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News