
Bank Interest Rate: आरबीआई ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट का इजाफा किया है, जिससे यह 5.50% हो गया है। आरबीआई के इस फैसले के तुरंत बाद कई बड़े बैंकों ने भी अपनी ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। इसका असर सिर्फ नए लोन लेने वालों पर ही नहीं, बल्कि उन पुराने ग्राहकों पर भी पड़ेगा जिनका लोन रेपो रेट से लिंक है। इससे उनकी ईएमआई (EMI) बढ़ जाएगी। आइए देखते हैं किस बैंक ने कितना ब्याज बढ़ाया है।
रेपो रेट बढ़ने के बाद बैंक ऑफ इंडिया ने अपना रेपो-लिंक्ड लेंडिंग रेट (RBLR) 8.10% से बढ़ाकर 8.35% कर दिया है। नई दरें 7 अक्टूबर से ही लागू हो चुकी हैं। जिन ग्राहकों का लोन रेपो रेट से जुड़ा है, उनकी ईएमआई या लोन चुकाने की अवधि अब बढ़ जाएगी।
पंजाब नेशनल बैंक ने भी अपना रेपो-लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) 8.10% से बढ़ाकर 8.35% कर दिया है। ये नई दरें 8 अक्टूबर यानी आज से लागू हो गई हैं। हालांकि, बैंक ने अपने एमसीएलआर (MCLR) और बेस रेट में कोई बदलाव नहीं किया है।
इंडियन बैंक ने अपने रेपो-लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट को 7.95% से बढ़ाकर 8.20% कर दिया है। ये नई दरें भी 8 अक्टूबर से लागू हो चुकी हैं।
इंडियन ओवरसीज बैंक ने भी अपने रेपो-आधारित लोन की दरों में इजाफा किया है। 8 अक्टूबर से बैंक का RBLR बढ़कर 8.35% हो गया है।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने रेपो-आधारित लोन रेट को 7.90% से बढ़ाकर 8.15% कर दिया है। यानी इसमें 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी हुई है। बैंकों के इस कदम से रेपो रेट से जुड़े होम लोन, कार लोन और अन्य सभी तरह के लोन की ब्याज दरें महंगी होने की पूरी संभावना है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।