Salary से PF तो कट गया, लेकिन कंपनी ने EPFO खाते में नहीं जमा किया! क्या डूब जाएगा आपका ब्याज?

Published : Aug 14, 2026, 06:18 PM IST
EPFO

सार

EPFO New Rules: आपकी सैलरी से पीएफ कट गया, लेकिन कंपनी ने खाते में पैसा जमा नहीं किया? जानिए ईपीएफओ के नियम क्या कहते हैं और आपके पीएफ ब्याज का क्या होगा।

Late PF Deposit Rule: अगर कंपनी ने सैलरी से पीएफ (PF) काट ले और उसे EPFO में जमा करने में देर कर दी, तो क्या होगा? क्या इस देरी का नुकसान कर्मचारी को होगा? क्या PF पर मिलने वाला ब्याज कम हो जाएगा? अगर आपके मन में भी ऐसे सवाल आते रहते हैं, तो आपको टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। सिर्फ कंपनी की तरफ से PF जमा करने में हुई देरी की वजह से आपका ब्याज खत्म नहीं हो जाता। EPFO के नियमों के मुताबिक, देर से जमा किए गए योगदान पर कर्मचारी को उस दौरान का ब्याज मिलना चाहिए। देरी की जिम्मेदारी और उस पर लगने वाला ब्याज या डैमेज कंपनी की तरफ जाता है। तो आखिर PF जमा करने की आखिरी तारीख क्या है, कंपनी की जिम्मेदारी क्या है और अगर PF खाते में पैसा नहीं दिख रहा है तो कर्मचारी को क्या करना चाहिए? आइए जानते हैं...

PF का पैसा जाता कहां है?

EPF (Employees' Provident Fund) एक रिटायरमेंट सेविंग स्कीम है। नौकरी करने वाले कर्मचारी की सैलरी से PF का एक हिस्सा काटा जाता है और कंपनी भी अपनी तरफ से योगदान करती है। आमतौर पर कर्मचारी और नियोक्ता दोनों की ओर से बेसिक और महंगाई भत्ता (Basic Wages + Dearness Allowance) के 12% का योगदान होता है। हालांकि, हर कर्मचारी के मामले में वास्तविक योगदान की गणना और लागू नियम अलग हो सकते हैं। यही पैसा आगे चलकर कर्मचारी की लॉन्ग टर्म की सेविंग बनता है।

कंपनी को PF कब तक जमा करना होता है?

कंपनी को किसी महीने के PF योगदान को अगले महीने की 15 तारीख तक EPFO में जमा करना होता है। EPFO के नियमों में नियोक्ता पर हर महीने तय समय के अंदर पीएफ बकाया (PF Dues) जमा करने की जिम्मेदारी है। जैसे- अगर यह जुलाई महीने का पीएफ कंट्रीब्यूशन (PF Contribution) है, तो इसे सामान्य तौर पर 15 अगस्त तक जमा किया जाना चाहिए। यानी अगर आपकी कंपनी ने सैलरी से PF काट लिया है, तो वह रकम अपने पास रोककर नहीं रख सकती।

पीएफ जमा करने में देरी हुई तो क्या आपका ब्याज डूब जाएगा?

नहीं। अगर कंपनी ने कर्मचारी के वेतन से PF काट लिया लेकिन EPFO में योगदान जमा करने में देरी कर दी, तो सिर्फ इस वजह से कर्मचारी के उस योगदान का ब्याज खत्म नहीं हो जाता है। EPFO के रिकॉर्ड में ऐसे मामलों में देरी के बावजूद सदस्य को संबंधित अवधि का ब्याज देने का प्रावधान है। दूसरी तरफ, देर से भुगतान करने वाली कंपनी (Employer) पर सेक्शन 7Q (Section 7Q) के तहत ब्याज (Interest) और सेक्शन 14बी (Section 14B) के तहत डैमेजेस (Damages) की कार्रवाई हो सकती है। यानी आसान भाषा में समझें तो कंपनी लेट हुई, कर्मचारी का ब्याज नहीं। कंपनी को देरी का बोझ उठाना पड़ सकता है।

कंपनी ने PF काट लिया, लेकिन जमा ही नहीं किया तो?

यह मामला सिर्फ 'लेट पेमेंट' से ज्यादा गंभीर हो सकता है। अगर सैलरी स्लिप (Salary Slip) में PF काटा गया दिख रहा है, लेकिन लंबे समय तक EPFO में कंट्रीब्यूशन जमा नहीं हो रहा, तो कर्मचारी को इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सबसे पहले अपनी ईपीएफ पासबुक (EPF Passbook) और कंट्रीब्यूशन डिटेल्स चेक करें। अगर कई महीनों तक कंट्रीब्यूशन दिखाई नहीं देता, तो HR या कंपनी के पेरोल या अकाउंट्स डिपार्टमेंट से लिखित में जानकारी मांगना बेहतर है। क्योंकि, सैलरी से PF काटना और उसे EPFO में जमा न करना कर्मचारी के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

कंपनी पर क्या कार्रवाई हो सकती है?

PF कंट्रीब्यूशन देर से जमा करने पर कंपनी को सिर्फ पैसा जमा करके मामला खत्म नहीं हो जाता। लागू नियमों के तहत देरी पर इंट्रेस्ट लायबिलिटी (Interest Liability) और पैनल डैमेजेस (Penal Damages) लग सकते हैं। EPFO के आधिकारिक रिकॉर्ड में Section 7Q के तहत देर से भेजी गई रकम (Belated Remittance) पर ब्याज और Section 14B के तहत डैमेजेस का प्रावधान दर्ज है। यानी कंपनी के लिए PF जमा करने की तारीख सिर्फ एक औपचारिक डेडलाइन नहीं है।

विश्वास 2026 स्कीम (Vishwas 2026) क्या है

अक्सर भारी जुर्माने से बचने के लिए कंपनियां कोर्ट पहुंच जाती थीं या कहती थीं कि उनके पास पैसा नहीं है। इससे मामले सालों तक लटक जाते थे। इस समस्या को खत्म करने और कर्मचारियों का बकाया पैसा जल्दी वापस लाने के लिए, ईपीएफओ ने 'विश्वास 2026' नाम से एक नई स्कीम निकाली है। इस स्कीम के तहत कंपनियों को जुर्माना भरने में भारी छूट दी जा रही है। जून 2024 में इसे सभी के लिए 1% फिक्स कर दिया गया था, लेकिन अब इसमें छूट दी गई है।

Vishwas 2026 में कितनी कम हो सकती है पेनाल्टी?

  • 2 महीने की देरी हुई है, तो सिर्फ 0.25% जुर्माना लगेगा।
  • 4 महीने तक की देरी हुई है, तो 0.50% जुर्माना देना होगा।
  • 4 महीने से ज्यादा की देरी पर हर महीने 1% के हिसाब से जुर्माना लगेगा।

PREV

अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

WPI Inflation: थोक महंगाई में राहत, पर खाने-पीने की चीजों ने बढ़ाई टेंशन, जानिए पूरा मामला
8th Pay Commission: कितनी बढ़ेगी बेसिक सैलरी, कितना होगा फिटमेंट फैक्टर? सामने आए 5 बड़े अपडेट