
SpaceX Share Analysis: एलन मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स अमेरिकी शेयर बाजार (Nasdaq) में कदम रख चुकी है। जिस शेयर की शुरुआती कीमत $135 तय की गई थी, भारी डिमांड के चलते वह सीधे $171 पर ट्रेंड करने लगा है। इस बंपर उछाल ने कंपनी की कुल वैल्यू को $2.2 ट्रिलियन यानी करीब 180 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचा दिया है। इसके साथ ही एलन मस्क अब दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर यानी 100 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के मालिक बनने की ओर बढ़ चुके हैं। टेक्सास से ट्रेडिंग बटन दबाते ही मस्क ने कहा, 'एक समय था जब मैंने इसके सफल होने की सिर्फ 10% उम्मीद जताई थी। एक छोटे से गोदाम से शुरू होकर आज दुनिया का सबसे बड़ा IPO बनना किसी सपने जैसा है।' इस शेयर को लेकर माहौल काफी अच्छा दिख रहा है, लेकिन क्या आपको इस शेयर में पैसा लगाना चाहिए या दूर रहना चाहिए? आइए एक्सपर्ट्स से जानते हैं...
फ्यूचर का बड़ा दांव
स्पेसएक्स सिर्फ रॉकेट नहीं बनाती। इसके पास अंतरिक्ष से पूरी दुनिया में इंटरनेट देने वाला 'स्टारलिंक' है और यह सैटेलाइट्स पर एआई (AI) डेटा सेंटर्स बनाने जैसे भविष्य के प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है।
एलन मस्क का नाम और विजन
एलन मस्क का विजन मंगल ग्रह (Mars) पर इंसानों की बस्ती बसाने का है। दुनिया भर में उनके करोड़ों फैंस हैं, जो उनके हर आइडिया पर आंख बंद करके भरोसा करते हैं। मस्क का यही क्रेज शेयर की डिमांड को हमेशा बनाए रख सकता है।
मुनाफे का अता-पता नहीं
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्पेसएक्स फिलहाल मुनाफे (Profit) में नहीं है। कंपनी के ऑफिशियल कागजातों में साफ लिखा है कि मुमकिन है कि कंपनी आने वाले समय में भी मुनाफे में न आ पाए। यानी यह पूरी तरह एक 'भविष्य का जुआ' है।
एलन मस्क का मूड और पूरा कंट्रोल
इस कंपनी के 85% वोटिंग अधिकार अकेले एलन मस्क के पास हैं। मस्क अपने बेबाक बयानों और अजीब व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। अगर उनका कोई फैसला गलत साबित हुआ, तो छोटे निवेशकों के पास कोई रास्ता नहीं बचेगा।
नियमों को लेकर विवाद
अमेरिका में कुछ बड़े राजनेता इस बात से नाराज हैं कि नैस्डैक ने इस शेयर को सिर्फ 15 दिनों में अपने टॉप इंडेक्स में शामिल करने का खास मौका दे दिया, जबकि आम तौर पर इसके लिए एक साल का इंतजार करना पड़ता है।
इस पर मार्केट एक्सपर्ट्स की राय बंटी हुई है। हालांकि, ज्यादातर का कहना है कि यह शेयर उन लोगों के लिए बेहतरीन है, जो लॉन्ग टर्म के लिए पैसा लगाकर भूल जाना चाहते हैं और मस्क के 'मार्स मिशन' पर भरोसा करते हैं, लेकिन अगर आप रातों-रात या कुछ ही दिनों में मोटी कमाई की सोच रहे हैं, तो अभी रुकना ही बेहतर होगा। शुरुआती दौर में सिर्फ 4% शेयर ही आम जनता के लिए आए हैं, जिससे बाजार में इसकी कीमत में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ शिक्षा और सूचना के उद्देश्य (Educational and Informational Purpose) से है। इसमें दिए गए डिटेल्स बाजार के आंकड़ों और दुनियाभर के मार्केट एक्सपर्ट्स की राय पर आधारित हैं। शेयर बाजार निवेश जोखिमों के अधीन है। शेयर बाजार, आईपीओ (IPO) या किसी भी योजना में निवेश करने से पहले कृपया अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से सलाह जरूर लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।