कौन हैं प्रतीक्षा टोंडवलकर? जो कभी SBI में 60 रुपए में टॉयलेट साफ करती थीं, फिर उसी बैंक में बनीं AGM

Published : Nov 10, 2026, 10:55 AM IST
Pratiksha Tondwalkar

सार

Pratiksha Tondwalkar: कौन हैं प्रतीक्षा टोंडवलकर? जो कभी SBI में 60 रुपए में टॉयलेट साफ करती थीं, फिर वहीं AGM बनीं। पढ़िए रद्दी की किताबें पढ़कर अफसर बनने की इंस्पायरिंग स्टोरी।

Pratiksha Tondwalkar Success Story: जिस किसी ने जिंदगी में मुश्किलों के आगे हार नहीं मानी, तो उसकी कहानी एक दिन मिसाल बन जाती है। ऐसी ही कहानी है स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) प्रतीक्षा टोंडवलकर की। एक वक्त था जब वो इसी बैंक में पार्ट-टाइम स्वीपर थीं और झाड़ू लगाने, टॉयलेट साफ करने का काम करती थीं। लेकिन अपने जज्बे और मेहनत से उन्होंने वो मुकाम हासिल किया, जो आज हर किसी के लिए एक मिसाल बन चुका है। पढ़िए प्रतीक्षा टोंडवलकर की इंस्पायरिंग स्टोरी...

20 की उम्र में पति की मौत, गोद में था 1 साल का बच्चा

प्रतीक्षा का जन्म 1964 में पुणे में हुआ था। घर की माली हालत ठीक नहीं थी, इसलिए 16-17 साल की छोटी सी उम्र में ही उनकी शादी कर दी गई। हालात ऐसे बने कि 7वीं क्लास के बाद ही उनकी पढ़ाई भी छूट गई। शादी के सिर्फ 3 साल बाद ही उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके पति सदाशिव कड़ू की एक सड़क हादसे में जान चली गई। उस वक्त प्रतीक्षा की उम्र सिर्फ 20 साल थी और उनकी गोद में एक साल का बेटा था।

60 रुपए में बैंक में लगाया झाड़ू-पोछा

बेटे का पेट पालने के लिए प्रतीक्षा ने सिलाई-कढ़ाई जैसे छोटे-मोटे काम शुरू किए। एक दिन वो मुंबई की एक एसबीआई ब्रांच में अपने पति की रुकी हुई सैलरी का पैसा लेने गईं। वहां उन्होंने बैंक मैनेजर से अपनी मजबूरी बताई और काम मांगा। करीब 5 महीने के इंतजार के बाद बैंक ने उन्हें पार्ट-टाइम स्वीपर की नौकरी दे दी। साल 1985 में उन्हें इस काम के लिए हर महीने 60 से 65 रुपए मिलते थे। उनका रोज का काम बैंक खुलने से पहले फर्श पर झाड़ू-पोछा लगाना, टॉयलेट साफ करना और फर्नीचर से धूल हटाना था।

रद्दी वाले से किताबें लीं और रातों को की पढ़ाई

बैंक में झाड़ू लगाते हुए प्रतीक्षा को समझ आ गया कि बिना पढ़ाई के वो जिंदगी में आगे नहीं बढ़ सकतीं। उन्होंने एक रद्दी वाले से 8वीं, 9वीं और 10वीं की पुरानी किताबें मांगीं और रात के वक्त पढ़ाई करना शुरू कर दिया। उनकी मेहनत रंग लाई और पहली ही बार में उन्होंने 60% नंबरों के साथ 10वीं पास कर ली। इसके बाद उन्होंने मुंबई के विक्रोली इलाके में एक नाइट कॉलेज में एडमिशन लिया। दिन में बैंक का काम और रात में पढ़ाई करते हुए उन्होंने 12वीं पास की और फिर साइकोलॉजी (मनोविज्ञान) में अपना ग्रेजुएशन पूरा किया।

स्वीपर से क्लर्क और फिर बनीं AGM

डिग्री हाथ में आने के बाद प्रतीक्षा की जिंदगी तेजी से बदलने लगी। 1990 में उन्हें स्वीपर से प्रमोट करके मैसेंजर बना दिया गया। 1995 में उन्होंने बैंक का इंटर्नल एग्जाम पास किया और वह क्लर्क-कम-कैशियर बन गईं। साल 1993 में उनकी जिंदगी में प्रमोद टोंडवलकर आए और दोनों ने शादी कर ली। प्रमोद ने उन्हें बैंक के एग्जाम देकर और बड़े पदों पर जाने के लिए खूब सपोर्ट किया। इसके बाद प्रतीक्षा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वो ट्रेनी ऑफिसर बनीं, फिर डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) के पद तक पहुंचीं। अपनी कड़ी मेहनत के दम पर जून 2022 में उन्होंने एसबीआई में असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) का बड़ा पद हासिल कर लिया।

रिटायरमेंट के बाद पूरी की डॉक्टर बनने की जिद

प्रतीक्षा की कहानी यहीं खत्म नहीं होती है। बैंक से शानदार करियर के बाद रिटायर होने पर उन्होंने अपने बचपन के एक बड़े सपने को पूरा किया। करीब 55 साल की उम्र में उन्होंने नेचुरोपैथी (Naturopathy) का दो साल का कोर्स पूरा किया और डॉक्टर बनने का अपना सपना भी सच कर दिखाया।

PREV

अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Chhath Puja: ट्रेन फुल, फ्लाइट किराया ₹21000 पार! घर जाने की है टेंशन? काम आएंगे ये 3 सस्ते जुगाड़
Is Stock Market Open Today: क्या आज 10 नवंबर को शेयर बाजार खुला है? BSE-NSE की हॉलिडे लिस्ट जानिए