
Romita Mazumdar Success Story: आज के समय में अपना बिजनेस शुरू करना और उसे बड़े ब्रांड में बदलना आसान नहीं है। लेकिन कुछ लोग अपनी मेहनत, सही सोच और नए आइडिया से अलग पहचान बना लेते हैं। ऐसी ही एक आंत्रप्रेन्योर हैं रोमिता मजूमदार, जिन्होंने महज 31 साल की उम्र में ₹365 करोड़ की कंपनी खड़ी कर दी। सबसे खास बात कि उनके ब्रांड के प्रचार से बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान भी जुड़े हैं। रोमिता हाल ही में आई 'हुरुन इंडिया अंडर-35 (2026)' की लिस्ट में बड़े-बड़े बिजनेस घरानों को पीछे छोड़ दिया है। आइए जानते हैं कि रोमिता कौन हैं, उन्होंने इतना बड़ा मुकाम कैसे हासिल किया, उनकी पढ़ाई कहां हुई, करियर की शुरुआत कैसे की और Foxtale को बनाने का उनका सफर कैसा रहा...
रोमिता मजूमदार मुंबई की एक आंत्रप्रेन्योर हैं। वो ब्यूटी और स्किनकेयर ब्रांड 'फॉक्सटेल' (Foxtale) की फाउंडर और CEO हैं। उनकी कंपनी ऐसे प्रोडक्ट बेचती है, जिनका इस्तेमाल लोग रोज अपनी स्किन की देखभाल के लिए कर सकते हैं। रोमिता को साल 2026 की 'Avendus Wealth-Hurun India U35 List' में जगह मिली है। इस लिस्ट में 35 साल से कम उम्र के सफल आंत्रप्रेन्योर को शामिल किया जाता है। इस लिस्ट के मुताबिक, 31 साल की रोमिता भारत की 10 सबसे युवा आंत्रप्रेन्योर (बिजनेस करने वालों) में इकलौती महिला हैं। इस लिस्ट में राधिका अंबानी और अनन्या बिड़ला जैसी मशहूर महिलाओं के नाम भी हैं, लेकिन टॉप-10 में (5वें नंबर पर) सिर्फ रोमिता ने अपनी जगह पक्की की है।
रोमिता ने अपनी कंपनी फॉक्सटेल की शुरुआत फरवरी 2021 में मुंबई से की थी। ये कंपनी ग्राहकों को (D2C) फेस वॉश, सीरम और मॉइस्चराइजर जैसे डेली यूज़ वाले स्किनकेयर प्रोडक्ट बेचती है। कंपनी अपने प्रोडक्ट अपनी वेबसाइट के साथ-साथ ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर भी बेचती है। इसके अलावा, क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए भी ग्राहक इसके प्रोडक्ट खरीद सकते हैं। फोर्ब्स (Forbes) के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 में उनकी कंपनी ने ₹365 करोड़ की शानदार कमाई (रेवेन्यू) की है। कंपनी के आइडिया पर भरोसा जताते हुए निवेशकों ने इसमें करीब 500 करोड़ रुपये ($56 मिलियन) लगाए हैं। कंपनी की पॉपुलैरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगस्त महीने में सुपरस्टार शाहरुख खान इसके ब्रांड एंबेसडर बने।
रिपोर्ट के मुताबिक, Foxtale अब तक करीब 56 मिलियन डॉलर यानी लगभग ₹500 करोड़ की फंडिंग जुटा चुकी है। कंपनी के निवेशकों में Z47, Panthera, Stride Ventures और जापान की Kose Corporation जैसे नाम शामिल हैं।
रोमिता की पढ़ाई-लिखाई बहुत शानदार रही है। रांची के लोरेटो कॉन्वेंट और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद, वो अमेरिका की मशहूर UCLA यूनिवर्सिटी चली गईं। वहां उन्होंने बिजनेस और मैथ्स की पढ़ाई की। अपना काम शुरू करने से पहले रोमिता ने अमेरिका में 'बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच' (Bank of America Merrill Lynch) जैसी बड़ी जगह काम किया। इसके बाद वो भारत लौटीं और निवेश से जुड़ी कंपनी A91 Partners में इन्वेस्टमेंट एनालिस्ट के तौर पर काम किया। उनका ये रोल मई 2019 से फरवरी 2021 तक रहा। मुंबई में कुछ साल नौकरी करने के बाद अपनी खुद की कंपनी Foxtale शुरू कर दी। आज उनके बनाए प्रोडक्ट क्विक-कॉमर्स (जैसे ब्लिंकिट, जेप्टो) और वेबसाइट से लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं।
रोमिता के परिवार की जड़ें बंगाली और पंजाबी संस्कृति से जुड़ी हैं। उनके पिता बंगाली हैं और मां पंजाबी। उनका बचपन रांची में जॉइंट फैमिली में बीता। एक इंटरव्यू में उन्होंने बंगाली लोगों को बिजनेस में सफल न मानने वाली सोच पर बात की थी। उन्होंने Emami, Boroline और अपने ब्रांड Foxtale का उदाहरण देते हुए बताया कि इस तरह की धारणा सही नहीं है। उनका कहना था कि बंगाली परिवारों में चावल और दाल जैसे साधारण खाने को पसंद करने के साथ-साथ सफल बिजनेस भी बनाए जा सकते हैं।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।