Women’s Day 2021: जानें महिलाएं कहां और किन जरूरतों के लिए करती हैं निवेश, सर्वे से चला पता

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2021 (Women’s Day 2021) पर एक सर्वे के जरिए महिलाओं के पसंदीदा निवेश के विकल्पों के बारे में जानने की कोशिश की गई। साथ ही, यह भी पता लगाया गया कि वे किन लक्ष्यों को ध्यान में रख कर निवेश करती हैं।
 

Asianet News Hindi | Published : Mar 8, 2021 5:48 AM IST

बिजनेस डेस्क। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2021 (Women’s Day 2021) पर एक सर्वे के जरिए महिलाओं के पसंदीदा निवेश के विकल्पों के बारे में जानने की कोशिश की गई। साथ ही, यह भी पता लगाया गया कि वे किन लक्ष्यों को ध्यान में रख कर निवेश करती हैं। यह सर्वे इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म ग्रो (Groww) ने हाल ही में भारतीय महिला निवेशकों की इन्वेस्टमेंट प्रायोरिटी को समझने के लिए किया है। बता दें कि इस सर्वे में 28 हजार से ज्यादा महिलाओं ने हिस्सा लिया और अपनी राय दी। सर्वे में महिलाओं से पूछा गया था कि वे कहां इन्वेस्टमेंट करना पसंद करती हैं और इसके पीछे उनका मकसद क्या होता है।

कहां निवेश करना पसंद करती हैं महिलाएं
ग्रो (Groww) के सर्वे से यह पता चला कि दिल्ली में महिला निवेशकों ने हाई रिस्क और मध्यम से कम रिस्क वाले निवेश ऑप्शन को लेकर एक संतुलित रवैया अपनाती हैं। सर्वे के मुताबिक, महिलाओं ने म्युचुअल फंड (77 फीसदी), स्टॉक (61 फीसदी), फिक्स डिपॉजिट (31 फीसदी) और पीपीएफ (20 फीसदी) में निवेश किया था।

निवेश के लक्ष्य
सर्वे से पता चला कि दिल्ली की महिला निवेशकों ने व्यक्तिगत लक्ष्यों को सबसे ज्यादा महत्व दिया। करीब 60 फीसदी महिलाओं ने पर्सनल लाइफ को सिक्योर करने के मकसद से निवेश किया। वहीं, उच्च शिक्षा के मकसद से निवेश करने वाली महिलाओं की संख्या के मामले में दिल्ली ने दूसरे राज्यों को पीछे छोड़ दिया। यहां कम से कम 15 फीसदी महिलाओं के उच्च शिक्षा के लिए निवेश किया। 36 फीसदी महिला निवेशकों ने कहा कि वे अपने परिवार के लिए निवेश कर रही हैं। करीब इतनी ही महिलाओं ने कहा कि वे जल्दी रिटायर होने के लिए निवेश कर रही हैं।

क्या निवेश के लिए लेती हैं सलाह 
सर्वे से यह पता चला कि करीब 32.95 फीसदी महिलाएं अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों से निवेश करने के पहले सलाह लेती हैं। वहीं, जब निवेश से जुड़ा अंतिम फैसला वे खुद लेती हैं। करीब 21.59 फीसदी महिलाओं ने कहा कि वे खुद यह फैसला लेती हैं कि कहां और कैसे निवेश किया जाए। सर्वे से यह भी पता चला कि महिलाएं किसी मकसद को ध्यान में रखकर निवेश कर रही हैं। वे अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं और अपने वित्तीय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए रिस्क और रिटर्न के बारे में जानकारी लेती हैं।

Share this article
click me!