CTET Exam 2026: पेंसिल से भरी OMR होगी अमान्य, 8 फरवरी को परीक्षा देने वाले पढ़ लें जरूरी गाइडलाइन

Published : Feb 07, 2026, 11:29 AM IST
CTET Exam 2026

सार

CTET Exam Day Instructions: CTET परीक्षा 2026 आज से शुरू हो चुकी है। 8 फरवरी को परीक्षा देने वाले उम्मीदवार पेंसिल से OMR न भरें, वरना पेपर रद्द हो सकता है। एग्जाम डे के सभी जरूरी नियम यहां पढ़ें।

CTET Exam Guidelines 2026: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 आज से शुरू हो चुकी है। देशभर के उम्मीदवारों के लिए यह दो दिवसीय परीक्षा बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षक बनने का रास्ता खुलता है। सीबीएसई (CBSE) की ओर से आयोजित CTET परीक्षा 7 और 8 फरवरी 2026 को देश के 140 शहरों में कराई जा रही है। आज पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे हैं, जबकि कल यानी 8 फरवरी को परीक्षा का दूसरा और अंतिम दिन होगा। CTET 2026 का आयोजन दो शिफ्ट में किया जा रहा है। सुबह की शिफ्ट में परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक हो रही है, वहीं दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना जरूरी

सीबीएसई ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्रों के गेट परीक्षा शुरू होने से काफी पहले खोल दिए जाते हैं। सुबह होने वाली परीक्षा (पेपर-II) के लिए परीक्षा भवन 7:30 बजे और दोपहर वाली परीक्षा (पेपर-I) के लिए 12:30 बजे से खोले जा रहे हैं। यानी परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही अभ्यर्थियों को एंट्री मिल रही है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे देरी न करें और समय रहते अपनी सीट पर बैठ जाएं।

एडमिट कार्ड के बिना नहीं मिलेगी एंट्री

CTET 2026 में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेज है। बिना वैध एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। सीबीएसई ने पहले ही CTET एडमिट कार्ड 2026 जारी कर दिए हैं, जिन्हें उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर चुके हैं। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ पहचान पत्र रखना भी अनिवार्य है।

CTET परीक्षा केंद्र पर इन चीजों पर है सख्त पाबंदी

परीक्षा के दौरान नकल और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए कई वस्तुओं पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। उम्मीदवार अपने साथ कोई भी किताब, कागज, नोट्स, ज्योमेट्री बॉक्स, कैलकुलेटर, स्केल, पेंसिल बॉक्स या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं ले जा सकते। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, हेल्थ बैंड, पर्स, बैग, घड़ी, गहने और खाने-पीने की चीजें भी परीक्षा कक्ष में ले जाना मना है। चाय, कॉफी या स्नैक्स तक की अनुमति नहीं है।

पेन खुद लाना होगा, पेंसिल से भरने पर OMR होगी रद्द

इस बार सीबीएसई की ओर से पेन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उम्मीदवारों को अपनी अच्छी क्वालिटी की नीली या काली बॉल प्वाइंट पेन खुद लानी होगी। बोर्ड ने साफ निर्देश दिए हैं कि OMR शीट पर पेंसिल का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। अगर किसी उम्मीदवार ने पेंसिल से उत्तर भरे, तो उसकी OMR शीट अमान्य कर दी जाएगी और इस पर किसी तरह की शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।

8 फरवरी को CTET परीक्षा देने वाले उम्मीदवार रहें सतर्क

जो अभ्यर्थी आज परीक्षा नहीं दे पाए हैं और जिनकी परीक्षा 8 फरवरी को है, उनके लिए यह जरूरी है कि वे सभी निर्देश पहले से अच्छे से पढ़ लें। समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना, एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज साथ रखना और नियमों का पालन करना सफलता के लिए बेहद जरूरी है। CTET 2026 देश की सबसे बड़ी शिक्षक पात्रता परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में उम्मीदवारों से उम्मीद की जा रही है कि वे पूरे आत्मविश्वास और सही तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हों और किसी भी अफवाह या नियम उल्लंघन से बचें।

PREV

सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।

AT
About the Author

Anita Tanvi

अनीता तन्वी। मीडिया जगत में 15 साल से ज्यादा का अनुभव। मौजूदा समय में ये एशियानेट न्यूज हिंदी के साथ जुड़कर एजुकेशन सेगमेंट संभाल रही हैं। इन्होंने जुलाई 2010 में मीडिया इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने करियर की शुरुआत प्रभात खबर से की। पहले 6 सालों में, प्रभात खबर, न्यूज विंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थानों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ह्यूमन एंगल और फीचर रिपोर्टिंग पर काम किया। इसके बाद, डिजिटल मीडिया की दिशा में कदम बढ़ाया। इन्हें प्रभात खबर.कॉम में एजुकेशन-जॉब/करियर सेक्शन के साथ-साथ, लाइफस्टाइल, हेल्थ और रीलिजन सेक्शन को भी लीड करने का अनुभव है। इसके अलावा, फोकस और हमारा टीवी चैनलों में इंटरव्यू और न्यूज एंकर के तौर पर भी काम किया है।Read More...
Read more Articles on

Recommended Stories

परीक्षा पे चर्चा: बोर्ड के साथ कंपीटिटिव एग्जाम आ जाए तो क्या करें? छात्रों के 6 सवाल और PM मोदी के जवाब
Pariksha Pe Charcha 2026: पीएम मोदी का छात्रों और शिक्षकों से लाइव संवाद, अभी देखें