
Bihar Police Constable Bharti Result Out: बिहार में पुलिस कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर आ चुकी है। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार ने शुक्रवार, 9 मई 2025 को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। यह नियुक्ति प्रक्रिया विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत कराई गई थी, जिसमें कुल 21,391 पदों पर भर्ती की जानी थी।
Bihar police constable recruitment result direct link
Bihar Police Constable भर्ती अभियान में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अगस्त 2024 में आयोजित हुई लिखित परीक्षा में 17 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से लगभग 12 लाख उम्मीदवारों ने वास्तव में परीक्षा में हिस्सा लिया। इसके बाद 1 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों को फिजिकल टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन 9 दिसंबर 2024 से 10 मार्च 2025 तक राजधानी पटना में किया गया। इस चरण में कुल 86,539 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 53,960 पुरुष, 32,569 महिलाएं और 10 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल थे।
Bihar Police Constable भर्ती PET के प्रदर्शन के आधार पर कुल 21,391 उम्मीदवारों को फाइनल सेलेक्शन लिस्ट में जगह मिली है। इनमें से 19,958 अभ्यर्थी बिहार पुलिस में कांस्टेबल के पद पर और 1,433 उम्मीदवार बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल (BSAP) में चयनित किए गए हैं। खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। कुल 11,178 महिलाएं, 10,205 पुरुष और 8 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी इस लिस्ट में शामिल हैं।
Bihar Police Constable Bharti: कैटेगरी वाइज चयनित अभ्यर्थी
आरक्षण व्यवस्था के तहत चयनित अभ्यर्थियों में 8,556 सामान्य वर्ग से, 2,140 ईडब्ल्यूएस (EWS), 2,570 पिछड़ा वर्ग, 3,842 अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 3,400 अनुसूचित जाति, 228 अनुसूचित जनजाति और 655 पिछड़ा वर्ग की महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 30 गृहरक्षक और 68 स्वतंत्रता सेनानी आश्रित उम्मीदवारों को भी नियुक्ति मिली है।
परीक्षा का रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार CSBC की आधिकारिक वेबसाइट https://csbc.bihar.gov.in पर विज़िट कर सकते हैं। पर्षद ने सभी चयनित उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे 1 जून 2025 से 30 जून 2025 के बीच अपने संबंधित यूनिट में डॉक्यूमेंट के साथ रिपोर्ट करें। उन्हें एजुकेशनल सर्टिफिकेट्स, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और पहचान-पत्र साथ लाना होगा।
इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि नियुक्ति से पहले सभी चयनित उम्मीदवारों का चरित्र सत्यापन और मेडिकल टेस्ट अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। चरित्र सत्यापन स्थानीय एसपी या बटालियन कमांडेंट द्वारा किया जाएगा, जबकि मेडिकल जांच बिहार सरकार की तय मानकों के अनुसार होगी।
पर्षद ने यह भी कहा है कि सभी चयनित उम्मीदवारों को तय समयसीमा के भीतर योगदान देना अनिवार्य होगा। अगर कोई भी उम्मीदवार 1 जून से 30 जून 2025 के बीच रिपोर्ट नहीं करता है, तो उसका चयन निरस्त माना जाएगा। इसके साथ ही एक अहम चेतावनी भी जारी की गई है किसी भी तरह के दलाल या बिचौलिए से दूर रहें। अगर किसी व्यक्ति द्वारा पैसे की मांग या गड़बड़ी की जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। बोर्ड ने दोहराया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से कराई गई है।