
CBSE Result 2025 OUT: CBSE बोर्ड ने आखिरकार 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है, जिसका इंतजार लाखों छात्र-छात्राएं बेसब्री से कर रहे थे। इस बार रिजल्ट में कई अहम बदलाव और रिकॉर्ड देखने को मिले हैं। पास प्रतिशत 88.39% रहा, जिसमें लड़कियों ने फिर से बाजी मारी है। छात्र अब अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को रोल नंबर, क्लास और मां का नाम दर्ज करना होगा। डायरेक्ट लिंक नीचे उपलब्ध है।
रिजल्ट चेक करने के लिए छात्र cbse.gov.in, cbseresults.nic.in और results.cbse.nic.in जैसी वेबसाइट पर जा सकते हैं। इसके अलावा DigiLocker और UMANG ऐप से भी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। DigiLocker का एक्सेस कोड छात्रों को SMS के जरिए उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा गया है।
CBSE की 12वीं की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 4 अप्रैल 2025 तक चली थी। इस बार सभी पेपर एक ही शिफ्ट में सुबह 10:30 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित हुए थे।
CBSE ने इस बार पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। अब छात्र पहले अपनी उत्तर पुस्तिका (Answer Sheet) की फोटोकॉपी प्राप्त कर सकते हैं, फिर मार्क्स वेरिफिकेशन या री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहले छात्रों को पहले वेरिफिकेशन के लिए आवेदन देना होता था, उसके बाद कॉपी और फिर मूल्यांकन की प्रक्रिया होती थी।
करीब 1.29 लाख छात्र (7.63%) कंपार्टमेंट में आए हैं, जिन्हें अब बोर्ड द्वारा तय तारीख पर दोबारा परीक्षा देनी होगी।
रिजल्ट में बेटियों का प्रदर्शन शानदार रहा। जहां लड़कियों का पास प्रतिशत 91.64% रहा, वहीं लड़कों का 85.70%। यानी लड़कियों ने 5.94% का अंतर बनाते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। ट्रांसजेंडर छात्रों का पास प्रतिशत 100% रहा है।
नवोदय विद्यालय (JNV) ने 99.29% पास प्रतिशत के साथ टॉप किया है। वहीं, केंद्रीय विद्यालय (KV) ने 99.05% और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों ने 91.57% का रिजल्ट दर्ज किया।
CBSE 12वीं परीक्षा में इस बार विदेशों के 21,825 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिनमें से 20,694 पास हुए। इनका पास प्रतिशत 95.01% रहा।
12वीं की परीक्षा में विजयवाड़ा सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला रीजन रहा जबकि, प्रयागराज सबसे नीचे है। दिल्ली रीजन से 3,08,105 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 2,91,962 पास हुए। यहां पास प्रतिशत 95.18% रहा। वहीं, दिल्ली वेस्ट रीजन में 1,27,943 छात्रों में से 1,27,311 ने परीक्षा दी और पास प्रतिशत 95.37% दर्ज किया गया।
Education News: Read about the Latest Board Exam News, School & Colleges News, Admission news in hindi, Cut-off list news - Asianet Hindi