
RBSE 10th Result 2025 Scholarship Scheme: राजस्थान बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (RBSE) आज यानी 28 मई 2025 को दोपहर 4 बजे कक्षा 10वीं का रिजल्ट घोषित करने जा रहा है। लाखों छात्र बेसब्री से अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिर्फ पास होने से ही नहीं, अच्छे अंक लाने पर राज्य सरकार की ओर से ₹1 लाख तक की स्कॉलरशिप भी मिल सकती है? दरअसल अगर छात्र का परिवार रजिस्टर्ड निर्माण श्रमिक (Construction Worker) है, तो ‘निर्माण श्रमिक शिक्षा एवं कौशल विकास योजना (NSKKVY)’ के तहत छात्र को पढ़ाई के लिए हर साल हजारों रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकती है। ये योजना खासतौर पर ऐसे परिवारों के बच्चों के लिए शुरू की गई है, जिनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करके घर चलाते हैं।
राजस्थान सरकार की यह योजना निर्माण कार्यों में लगे रजिस्टर्ड मजदूरों के बच्चों को पढ़ाई में मदद देने के लिए शुरू की गई है। इसका उद्देश्य है कि आर्थिक कारणों से कोई बच्चा पढ़ाई बीच में न छोड़े और वो कक्षा 6 से लेकर पोस्ट-ग्रेजुएशन तक बिना रुकावट पढ़ सके। इस स्कॉलरशिप के तहत हर साल ₹9,000 से लेकर ₹35,000 तक की सहायता दी जाती है। और यदि छात्र मेरिट लाता है, तो ₹1 लाख तक का इनाम भी मिल सकता है।
छात्र या छात्रा किस क्लास में पढ़ता है और उसका प्रदर्शन कैसा है, इसके आधार पर स्कॉलरशिप की रकम तय होती है-
| कक्षा | लड़के (सालाना) | लड़कियां / दिव्यांग (सालाना) |
| कक्षा 6-8 | ₹8,000 | ₹9,000 |
| कक्षा 9-12 | ₹9,000 | ₹10,000 |
| ITI | ₹9,000 | ₹10,000 |
| डिप्लोमा | ₹10,000 | ₹11,000 |
| ग्रेजुएशन (सामान्य) | ₹13,000 | ₹15,000 |
| ग्रेजुएशन (प्रोफेशनल) | ₹18,000 | ₹20,000 |
| पोस्ट-ग्रेजुएशन (सामान्य) | ₹15,000 | ₹17,000 |
| पोस्ट-ग्रेजुएशन (प्रोफेशनल) | ₹23,000 | ₹25,000 |
राजस्थान की जो छात्र-छात्राएं बोर्ड या कॉलेज में शानदार प्रदर्शन करते हैं, उन्हें एकमुश्त कैश इनाम भी दिया जाता है, जिसमें-
| योग्यता स्तर | इनाम राशि |
| कक्षा 8-9 | ₹4,000 |
| कक्षा 11-12 | ₹6,000 |
| डिप्लोमा | ₹10,000 |
| ग्रेजुएशन (सामान्य) | ₹8,000 |
| पोस्ट-ग्रेजुएशन (सामान्य) | ₹12,000 |
| ग्रेजुएशन (प्रोफेशनल) | ₹25,000 |
| पोस्ट-ग्रेजुएशन (प्रोफेशनल) | ₹35,000 |
RBSE 10वीं के टॉप 10 मेरिट लिस्ट में आने वाले छात्र को ₹1 लाख का विशेष इनाम भी मिलेगा।
राजस्थान सरकार की इस स्कॉलरशिप योजना का लाभ उठाने के लिए छात्र का माता-पिता राजस्थान श्रम कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिक होना चाहिए। एक परिवार के अधिकतम दो बच्चे इस योजना का लाभ ले सकते हैं। छात्र को सरकारी या मान्यता प्राप्त संस्थान में रेगुलर पढ़ाई करनी चाहिए।स्कॉलरशिप जारी रखने के लिए छात्र को हर साल अगली कक्षा में प्रमोट होना जरूरी है। कैश इनाम पाने के लिए 8वीं से 12वीं तक 75% या उससे ज्यादा अंक, और डिप्लोमा या ग्रेजुएशन में 60% या उससे ज्यादा अंक जरूरी हैं।
अगर किसी पंजीकृत श्रमिक की पत्नी की उम्र 35 साल से कम है और वह किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में पढ़ाई कर रही है, तो वह भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकती है। हालांकि इस स्थिति में परिवार के सिर्फ एक ही बच्चे को योजना का लाभ मिलेगा।
Step 1: सबसे पहले SSO पोर्टल (https://sso.rajasthan.gov.in) पर Jan Aadhaar या Gmail ID से रजिस्ट्रेशन करें।
Step 2: लॉगिन करके LDMS डैशबोर्ड में जाएं और “Apply for Scheme” पर क्लिक करें।
Step 3: आवेदन फॉर्म भरें और जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
RBSE 10वीं का रिजल्ट सिर्फ आगे की पढ़ाई के रास्ते नहीं खोलता, बल्कि योग्य छात्रों के लिए बड़ी आर्थिक मदद का मौका भी बनता है। अगर आप या आपके माता-पिता निर्माण श्रमिक हैं, तो इस योजना के जरिए उच्च शिक्षा का सपना साकार हो सकता है, वो भी बिना पैसों की चिंता के। इसलिए जैसे ही 10वीं का रिजल्ट आए, तुरंत NSKKVY योजना का फॉर्म भरें और स्कॉलरशिप का लाभ उठाएं।