
Indian origin CEOs: गूगल से लेकर चैनल तक, कई ग्लोबल कंपनियों का नेतृत्व इस समय भारतीय मूल के लोगों के हाथ में है। भारतीय मूल के CEO दुनिया में इनोवेशन और विकास को बढ़ावा देकर नाम कमा रहे हैं। आइए सुंदर पिचाई से रवि कुमार तक ऐसे 9 सीईओ के बारे में जानते हैं। जानते हैं कि इन्होंने अपनी पढ़ाई कहां से की।
सुंदर पिचाई का जन्म 10 जून 1972 को तमिलनाडु के मदुरै में हुआ था। उनकी मां लक्ष्मी स्टेनोग्राफर और पिता रेगुनाथ पिचाई इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। सुंदर पिचाई चेन्नई में पले-बढ़े। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर (बी.टेक मेटलर्जी), स्टैनफोर्ड (एम.एस.) और व्हार्टन (एमबीए) में पढ़ाई की। इस समय गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ हैं। वह अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला का जन्म हैदराबाद में 19 अगस्त 1967 को हुआ था। उनकी मां प्रभाती (संस्कृत व्याख्याता) और बुक्कापुरम नडेला युगंधर (आईएएस अधिकारी) थे। सत्य नडेला ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल में पढ़ाई की थी। उन्होंने मणिपाल इंस्टीट्यूट से बी.ई. किया था। इसके बाद विस्कॉन्सिन-मिल्वौकी विश्वविद्यालय से एम.एस. और शिकागो बूथ से एम.बी.ए. किया। नडेला इस समय अमेरिका के रेडमंड में रहते हैं।
शांतनु नारायण का जन्म 27 मई 1963 को हैदराबाद में हुआ था। उनके पिता प्लास्टिक कारोबारी हैं। मां साहित्य में प्रोफेसर थी। शांतनु ने उस्मानिया विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद कंप्यूटर साइंस (बॉलिंग ग्रीन स्टेट) में एम.एस. और यूसी बर्कले हास से एम.बी.ए. किया। शांतनु नारायण 2007 से एडोब के सीईओ और चेयरमैन हैं। वह कैलिफोर्निया में रहते हैं।
अजय बंगा का जन्म 10 नवंबर 1959 को पुणे के खड़की में हुआ था। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल हरभजन बंगा हैं। अजय बंगा ने दिल्ली विश्वविद्यालय (बी.ए. अर्थशास्त्र) और आईआईएम अहमदाबाद (एमबीए) से पढ़ाई की। वह वर्तमान में विश्व बैंक के अध्यक्ष हैं।
अरविंद कृष्ण का जन्म 23 नवंबर 1962 को आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी में हुआ था। उनके माता-पिता सैन्य-संबंधी पृष्ठभूमि के हैं। अरविंद कृष्ण ने आईआईटी कानपुर से बी.टेक किया था। इसके बाद इलिनोइस यूनिवर्सिटी से पीएचडी ईई किया। वह 1990 में आईबीएम में शामिल हुए थे अब सीईओ (2020 से) और चेयरमैन (2021 से) हैं।
जॉर्ज कुरियन का जन्म 1967 में केरल के कोट्टायम में हुआ था। उन्होंने प्रिंसटन में बी.एस.ई.ई. और स्टैनफोर्ड में एम.एस.ई.ई./सी.एस. की पढ़ाई की। 2011 में नेटऐप में शामिल हुए और जून 2015 में सीईओ बने। अब सिलिकॉन वैली से एंटरप्राइज डेटा सिस्टम का नेतृत्व कर रहे हैं।
निकेश अरोड़ा का जन्म 9 फरवरी 1968 को गाजियाबाद में हुआ था। वह भारतीय वायुसेना अधिकारी के बेटे हैं। एयर फोर्स स्कूल (सुब्रतो पार्क), आईआईटी-बीएचयू (बी.टेक ईई), बोस्टन कॉलेज और नॉर्थईस्टर्न (एमबीए) से पढ़ाई की है। जून 2018 से पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के सीईओ और चेयरमैन हैं।
लीना नायर का जन्म महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 11 जून 1969 को हुआ था। उन्होंने वालचंद कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स में बी.ई किया है। इसके बाद XLRI जमशेदपुर से MBA की डिग्री हासिल की। जनवरी 2022 से चैनल की CEO हैं। वह फ्रांस की राजधानी पेरिस में रहती हैं।
रवि कुमार एस का जन्म मुंबई में हुआ था। उन्होंने शिवाजी विश्वविद्यालय से बी.ई किया है। इसके बाद जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट भुवनेश्वर से एमबीए किया। उन्होंने इंफोसिस (2016-2022) में अध्यक्ष के रूप में काम किया है। इस समय कॉग्निजेंट के सीईओ हैं।
Education News: Read about the Latest Board Exam News, School & Colleges News, Admission news in hindi, Cut-off list news - Asianet Hindi