
UP Board Result 2025: उत्तर प्रदेश बोर्ड (UPMSP) जल्द ही 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी करने वाला है। खबरों के मुताबिक, रिजल्ट 25 अप्रैल 2025 के बाद कभी भी आ सकता है। हालांकि, अभी तक बोर्ड ने तारीख और समय को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। UPMSP कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपने मार्क्स ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.edu.in या upresults.nic.in के माध्यम से चेक कर सकते हैं। इस साल यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च 2025 के बीच 8,140 सेंटरों पर हुई थीं। आंसरशीट की जांच 19 मार्च से 2 अप्रैल के बीच 261 केंद्रों पर हुई। लगभग 3 करोड़ कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन में किसी भी गलती से बचने के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे।
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं रिजल्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है। तारीख जल्द ही वेबसाइट पर अपडेट कर दी जाएगी। संभावना है कि पिछले वर्षों की तरह ही इस साल भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए ही यूपी बोर्ड रिजल्ट 2025 की घोषणा होगी, जिसमें पास प्रतिशत, टॉपर्स की जानकारी, लड़के-लड़कियों का प्रदर्शन समेत अन्य जरूरी डिटेल शेयर की जाएगी।
पिछली बार यानी यूपी बोर्ड रिजल्ट 2024 में 10वीं का पास प्रतिशत 89.55%, जबकि 12वीं का पास प्रतिशत 82.60% रहा था। 10वीं की टॉपर प्राची निगम थी जिन्होंने 591/600 मार्क्स (98.5%) हासिल किए थे। 12वीं के टॉपर शुभम वर्मा ने 489/500 मार्क्स (97.8%) हासिल किए थे। इन दोनों ने सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, महमूदाबाद, सीतापुर से पढ़ाई की थी।
इस साल यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं एग्जाम 2025 में कुल रजिस्ट्रेशन 54,37,233 हुए जिसमें गैरहाजिर छात्र 3,02,508 (लगभग 5.56%) रहे। इस बार सुरक्षा बहुत सख्त थी। परीक्षा के दौरान इस बार 113 FIRs दर्ज हुईं और करीब 49 नकलची पकड़े गए, इसके अलावा 2 दर्जन फर्जी निरीक्षक भी पकड़े गए।
यूपी बोर्ड रिजल्ट 2025 में शामिल छात्र रिजल्ट आने से पहले अपने रोल नंबर, एडमिट कार्ड और वेबसाइट लिंक संभाल कर रखें। रिजल्ट चेक करने के बाद, अपने स्कूल या कॉलेज में एडमिशन की प्रक्रिया पर ध्यान दें। बता दें कि ऑरिजनल मार्कशीट छात्रों को उनके अपने संबंधित स्कूल से रिजल्ट जारी होने के कुछ दिनों बाद मिलेगी। छात्र रिजल्ट से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए ऑफिशियल वेबसाइट्स पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी गलत जानकारी या अफवाहों पर यकीन न करें।
Education News: Read about the Latest Board Exam News, School & Colleges News, Admission news in hindi, Cut-off list news - Asianet Hindi