
भारी बारिश की वजह से रोजमर्रा की जिंदगी में काफी दिक्कतें आती हैं, इस बात से कोई इनकार नहीं कर सकता। ऐसे में कई कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम की मांग करते हैं। कुछ बॉस हालात को समझते हुए इसकी इजाजत भी दे देते हैं ताकि कर्मचारी आराम से और अपना बेस्ट दे सकें। लेकिन, X (पहले ट्विटर) पर एक यूजर के साथ जो हुआ, वो बिल्कुल अलग है। प्रतीक शेट्टी नाम के एक यूजर ने X पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने बॉस से WFH मांगा था, लेकिन उन्हें जो जवाब मिला, वो हैरान करने वाला था।
वायरल पोस्ट के मुताबिक, कर्मचारी ने अपने मैनेजर को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर बताया कि भारी बारिश के कारण ऑफिस आना असुरक्षित है और वह घर से काम करना चाहेगा। मैसेज में लिखा था, “हैलो सर, बहुत तेज बारिश हो रही है और सड़क पूरी तरह पानी में डूबी है, बाहर निकलना बहुत रिस्की है। क्या आज मैं WFH कर सकता हूं? 100% प्रोडक्टिविटी का वादा करता हूं।"
इसके बाद मैनेजर का तो कोई जवाब नहीं आया, लेकिन कथित तौर पर "CEO के ऑफिस" से एक ईमेल आया। मैसेज में लिखा था, “तुम्हारे यहां बाढ़, तुम्हारी WFH रिक्वेस्ट, और तुम्हारा टर्मिनेशन, तीनों बातें इसी क्रम में नोट कर ली गई हैं। इस कंपनी में अप्लाई करने से पहले तुम्हें तैरना सीख लेना चाहिए था। घर पर ही रहो। तुम्हें नौकरी से निकाला जाता है।" इस घटना का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, “इस लड़के को ऑफिस में एक वॉट्सऐप मैसेज भेजने के बाद नौकरी से निकाल दिया गया... जवाब ईमेल से आया... ऐसे अंत की उम्मीद कभी नहीं की थी??"
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुआ, लोगों ने इस पर तेजी से रिएक्ट करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, प्रतीक ने भी इस मजे में शामिल होते हुए कई फनी कमेंट्स किए। एक कमेंट में उन्होंने लिखा, “तैरना सीखने के बाद... मुझे लगता है कि अब मुझे दूसरी इनकम के लिए ओलिंपिक की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।" उन्होंने आगे लिखा, “लगता है अब लिंक्डइन पर अपडेट करना होगा: ‘Open to Swim’ (तैरने के लिए उपलब्ध)।" एक और पोस्ट में उन्होंने मजाक में कहा, “तैरना न जानने की वजह से नौकरी से निकाले जाने के बाद सीखे गए 10 लीडरशिप लेसन शेयर कर रहा हूं।"
जहां कई सोशल मीडिया यूजर्स को यह मजेदार लगा, वहीं कुछ ने इसकी सच्चाई पर भी सवाल उठाए। लोग पूछ रहे हैं कि क्या यह पोस्ट और ईमेल असली है या सिर्फ मनोरंजन के लिए बनाया गया है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।