
Work Life Balance: क्या ऑफिस में देर तक रुकना और सिर्फ 4 घंटे सोकर काम करना ही मेहनत की निशानी है? क्या कम नींद लेकर ज्यादा काम करने वाला कर्मचारी वास्तव में दूसरों से बेहतर प्रदर्शन करता है? ServiceNow की प्रेसिडेंट और CFO जीना मस्तांतुओनो ने बिजनेस जगत की इसी सोच पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 14 घंटे काम करने और 4 घंटे सोने का दिखावा करना दूसरे कर्मचारियों के लिए गलत उदाहरण पेश करता है।
कैलिफोर्निया के सांता बारबरा में Fortune Most Powerful Women Summit के दौरान जीना मस्तांतुओनो ने कहा कि कुछ सीनियर अधिकारी लंबे समय तक काम करने और कम सोने को अपनी उपलब्धि की तरह पेश करते हैं। उन्हें लगता है कि ज्यादा घंटे काम करना उनकी मेहनत और समर्पण को साबित करता है। लेकिन मस्तांतुओनो के मुताबिक, लीडरशिप का मतलब सिर्फ ज्यादा समय तक काम करना नहीं है। एक अच्छा बॉस वह है, जो अपनी टीम को बेहतर काम करने का माहौल दे और खुद भी सेहत का ध्यान रखे।
ये भी पढ़ें- 'लग रहा था जैसे पैसे चुरा रहा हूं', बिना काम 4.7 करोड़ सैलरी पाने वाले की कहानी
मस्तांतुओनो ने आराम की अहमियत समझाने के लिए जिम में मांसपेशियां बनाने का उदाहरण दिया। जिस तरह एक्सरसाइज के बाद शरीर को रिकवरी की जरूरत होती है, उसी तरह लगातार काम करने के बाद दिमाग को भी आराम चाहिए। पर्याप्त नींद का असर ध्यान लगाने, फैसले लेने और तनाव से निपटने की क्षमता पर पड़ सकता है। अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों की सलाह के मुताबिक, ज्यादातर वयस्कों को हर रात कम से कम 7 घंटे की नींद लेनी चाहिए।
बिजनेस जगत में इस मुद्दे पर अलग-अलग राय है। United Airlines के CEO स्कॉट किर्बी ने अपनी दिनचर्या में 8.5 घंटे की नींद, सुबह की एक्सरसाइज, पढ़ने के लिए समय और मीटिंग्स की सीमा तय करने की बात कही है। वहीं, टेक इंडस्ट्री में लंबे कामकाजी घंटों और ऑफिस में साथ काम करने पर जोर देने वाले लीडर्स भी रहे हैं। स्टार्टअप की दुनिया में भी कई बार लंबे समय तक काम करने को सफलता की शर्त माना जाता है। हालांकि, Proximity Works के CEO हार्दिक जगदा ने अपनी छह दिन काम करने की दिनचर्या के बावजूद साफ किया है कि वह अपने कर्मचारियों से उसी शेड्यूल को अपनाने की उम्मीद नहीं करते।
ये भी पढ़ें- Kavya Maran Career: कलानिधि मारन की बेटी काव्या क्या करती हैं? कहां से की पढ़ाई, जानिए करियर की दिलचस्प बातें
यानी लंबे समय तक काम करना कभी-कभी जरूरी हो सकता है, लेकिन हर दिन कम नींद लेकर काम करना सफलता का भरोसेमंद फॉर्मूला नहीं है। बेहतर लीडर वही है, जो अपने प्रदर्शन के साथ अपनी टीम की सेहत और काम करने की क्षमता का भी ध्यान रखे।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।