Raul John Aju Putin Meeting: केरल के राउल जॉन अजू ने पुतिन के सामने AI से पढ़ाई के फायदे बताए। इस पर रूसी राष्ट्रपति ने ऐसा सवाल पूछा, जिसने शिक्षा में AI के इस्तेमाल और बच्चों की सोच पर नई बहस छेड़ दी।

Raul John Aju Putin AI Education Discussion: रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित AI Journey 2026 कॉन्फ्रेंस में भारत के एक किशोर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और शिक्षा के भविष्य पर ऐसी बात रखी, जिसने सबका ध्यान खींचा। केरल के रहने वाले राउल जॉन अजू (Raul John Aju) को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सामने अपनी बात रखने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि AI किस तरह पढ़ाई को आसान, दिलचस्प और बच्चों की जरूरत के मुताबिक बना सकता है। हालांकि, उनकी बात सुनकर पुतिन ने एक अहम सवाल भी उठाया- क्या AI पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता बच्चों की खुद सोचने और तर्क करने की क्षमता को कमजोर कर सकती है?

कैसे AI से मजेदार बन सकती है बच्चों की पढ़ाई?

26 नवंबर को हुए इस संवाद में राउल ने गणित सीखने का उदाहरण देते हुए बताया कि हर बच्चे के सीखने का तरीका अलग होता है। किसी को किताबों से समझ आता है, तो किसी को तस्वीरों, वीडियो और गेम के जरिए पढ़ना ज्यादा आसान लगता है। उन्होंने बताया कि वह खुद भी गेम खेलकर AI के बारे में सीख चुके हैं। राउल ने अपने पिता का एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। गणित की परीक्षा से एक दिन पहले जब वह गेम खेल रहे थे, तो उनके पिता ने हैरानी जताई कि परीक्षा सिर पर है और वह गेम खेल रहे हैं। लेकिन राउल के मुताबिक, वह गेम के जरिए पढ़ाई ही कर रहे थे। उनका कहना था कि एक क्लास में 40 बच्चों को एक ही शिक्षक अलग-अलग तरीके से कैसे पढ़ा सकता है? यहीं AI मददगार साबित हो सकता है। इसकी मदद से हर छात्र अपनी समझ और सीखने की रफ्तार के अनुसार पढ़ाई कर सकता है।

Scroll to load tweet…

ये भी पढ़ें- Who Is Raul John Aju: कौन हैं राउल जॉन अजू? 16 साल की उम्र में बनाया AI स्टार्टअप, अब पुतिन के साथ सेल्फी से चर्चा में

पुतिन ने AI को लेकर क्या चिंता जताई?

राउल की बात सुनने के बाद पुतिन ने शिक्षा में AI के बढ़ते इस्तेमाल पर सवाल किया। उन्होंने चिंता जताई कि अगर छात्र हर सवाल के लिए AI को अपना सहायक बनाने लगेंगे, तो कहीं वे खुद सोचना और तर्क करना तो बंद नहीं कर देंगे? पुतिन का सवाल था कि क्या शिक्षा में AI पर निर्भरता बच्चों की स्वतंत्र सोच के लिए खतरा बन सकती है? इस पर राउल ने कहा कि AI का इस्तेमाल अपनी सोच को खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि उसे बेहतर बनाने के लिए होना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि इंसानों को AI के साथ मिलकर काम करना चाहिए, न कि अपनी सोच की जगह पूरी तरह इस तकनीक को दे देनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- सुप्रिया सुले कितनी पढ़ी-लिखी, कितनी संपत्ति की मालकिन? मोदी सरकार से मिलने वाला है बड़ा तोहफा!

कौन हैं राउल जॉन अजू?

राउल जॉन अजू केरल के कोच्चि के रहने वाले युवा AI उद्यमी और कंटेंट क्रिएटर हैं। उन्हें 'AI Kid of India' के नाम से भी जाना जाता है। वह ThinkCraft नाम का एक एजुकेशनल प्लेटफॉर्म चलाते हैं, जहां गेम के जरिए बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिखाने पर काम किया जाता है। द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, AI Journey 2026 में राउल उन युवा टेक्नोलॉजी उत्साही लोगों में शामिल थे, जिन्हें पुतिन और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिला।