First Mother to Win Miss Universe 2026: 75 साल के मिस यूनिवर्स इतिहास में पहली बार एक मां ने ताज जीतकर सबको चौंका दिया। आखिर कौन हैं जेनिफर बैरेटो और कैसे बेटी की मां बनने के बाद पूरा किया मिस यूनिवर्स बनने का सपना? जानिए उनकी पूरी कहानी।
Miss Universe 2026 Winner Jennifer Barreto: खूबसूरती के अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस बार एक ऐसी महिला ने इतिहास रच दिया है, जिसकी पहचान सिर्फ एक ब्यूटी क्वीन तक सीमित नहीं है। शादी, मां बनने की जिम्मेदारी, पढ़ाई और नौकरी के बीच अपने सपने को जिंदा रखने वाली 27 साल की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। उनकी जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि वह मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली मां बन गई हैं। उनकी कहानी उन महिलाओं के लिए भी एक बड़ी मिसाल है, जो परिवार और करियर के बीच अपने सपनों को पीछे छोड़ देती हैं।
कौन हैं जेनिफर बैरेटो, जिन्होंने रचा इतिहास?
प्यूर्टो रिको की रहने वाली जेनिफर बैरेटो ने 24 नवंबर को सैन जुआन में आयोजित मिस यूनिवर्स के 75वें संस्करण में दुनिया भर की 116 प्रतियोगियों को पीछे छोड़कर यह उपलब्धि हासिल की। उन्हें साल 2025 की मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश ने ताज पहनाया। जेनिफर की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। वह मनोविज्ञान और सोशल वर्क की पढ़ाई कर चुकी हैं। उनके पास मनोविज्ञान और सोशल वर्क में मास्टर डिग्री भी है। वह अमेरिकी सेना के साथ प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के तौर पर काम कर चुकी हैं। उनका काम सैन्य परिवारों की मदद करने, घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार जैसी समस्याओं को रोकने से जुड़ा रहा है।
ये भी पढ़ें- Jennifer Barreto Education: मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो कितनी पढ़ी-लिखी हैं? अमेरिकी सेना में भी कर चुकी हैं काम
मां बनने के बाद भी जेनिफर बैरेटो ने कैसे पूरा किया मिस यूनिवर्स बनने का सपना?
जेनिफर की शादी अमेरिकी सेना में कार्यरत सार्जेंट यान कार्लोस बैरेटो काल्डेरॉन से हुई है। दोनों की एक बेटी है, जिसका जन्म 2019 में हुआ था। परिवार और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच जेनिफर ने अपने मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट के सपने को भी मौका दिया। उन्होंने 2025 की गर्मियों में मिस यूनिवर्स की तैयारी शुरू की। खास बात यह है कि इससे पहले उन्हें पेजेंट और मॉडलिंग का कोई खास अनुभव नहीं था। लगातार मेहनत के बाद उन्होंने 25 जून 2026 को मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीता। इस प्रतियोगिता में उन्होंने सैन सेबेस्टियन का प्रतिनिधित्व किया था।
ये भी पढ़ें- Miss Universe: भारत की वो 3 बेटियां जो रह चुकीं मिस यूनिवर्स, क्या जानते हैं आखिरी वाली का नाम
मिस यूनिवर्स 2026 में कौन रहा पीछे?
जेनिफर की जीत के साथ प्यूर्टो रिको को 20 साल बाद मिस यूनिवर्स का ताज मिला है। इससे पहले साल 2006 में जुलेइका रिवेरा ने यह खिताब जीता था। यह प्यूर्टो रिको की छठी मिस यूनिवर्स जीत है। इस बार डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज पहली रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज दूसरी रनर-अप रहीं। वहीं, भारत की काजिया लिज मेजो टॉप-30 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं। जेनिफर की जीत का संदेश साफ है- मां बनना किसी महिला के सपनों की मंजिल नहीं, बल्कि जिंदगी का एक नया पड़ाव है।














