Miss Universe 2026 Jennifer Barreto Education: मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो कितनी पढ़ी-लिखी हैं? दो मास्टर डिग्री हासिल करने से लेकर अमेरिकी सेना में काम करने तक, जानिए उनकी एजुकेशन, करियर और लाइफ से जुड़ी रोचक बातें।
Miss Universe 2026 Winner Jennifer Barreto: दुनिया की 116 प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। 27 साल की जेनिफर के लिए यह जीत सिर्फ खूबसूरती का ताज हासिल करना नहीं, बल्कि उनकी पढ़ाई, पेशेवर अनुभव और समाज सेवा से जुड़े सफर की भी पहचान है। खास बात यह है कि ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने से पहले उनका करियर मनोविज्ञान और सामाजिक कार्यों से जुड़ा रहा है। जानिए मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो के करियर, एजुकेशन समेत लाइफ की रोचक बातें।
प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर पर सजा मिस यूनिवर्स 2026 का ताज
प्यूर्टो रिको की रहने वाली जेनिफर बैरेटो ने 24 नवंबर को सैन जुआन में आयोजित मिस यूनिवर्स के 75वें संस्करण में जीत दर्ज की। उन्हें मिस यूनिवर्स 2025 फातिमा बॉश ने ताज पहनाया। इस जीत के साथ प्यूर्टो रिको को 20 साल बाद मिस यूनिवर्स का खिताब मिला है। इससे पहले साल 2006 में जुलेइका रिवेरा ने यह ताज जीता था। यह देश की छठी मिस यूनिवर्स जीत है।
ये भी पढ़ें- Who is Yash Maheshwari: कौन हैं यश माहेश्वरी? छठ पूजा पर विवादित जोक के बाद चर्चा में आए कॉमेडियन
कितनी पढ़ी-लिखी हैं मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो?
जेनिफर की एजुकेशन क्वालिफिकेशन उनकी सबसे खास उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने केंटकी से साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद साइकोलॉजी और सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां हासिल कीं। उनकी पढ़ाई सिर्फ डिग्री तक सीमित नहीं रही। उन्होंने ट्रॉमा इंटरवेंशन, चाइल्ड प्रोटेक्शन, घरेलू हिंसा और आत्महत्या रोकथाम जैसे गंभीर विषयों में भी विशेषज्ञता हासिल की है। यही वजह है कि उनका अनुभव मानसिक स्वास्थ्य और सामुदायिक कल्याण से भी जुड़ा रहा है।
अमेरिकी सेना के साथ काम कर चुकी हैं जेनिफर बैरेटो
मिस यूनिवर्स बनने से पहले जेनिफर बैरेटो अमेरिकी रक्षा विभाग के तहत सेना से जुड़े कार्यक्रम में काम कर चुकी हैं। साल 2021 में उन्होंने टेक्सास के फोर्ट कैवाजोस में फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम के साथ एजुकेटर और क्राइसिस रिस्पॉन्डर के तौर पर काम शुरू किया। इस दौरान उन्होंने घरेलू हिंसा और बाल शोषण से प्रभावित परिवारों की मदद की। बाद में वह प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट बनीं। इस भूमिका में उनका काम सैन्य परिवारों की सुरक्षा, जागरूकता और बेहतर मानसिक-सामाजिक माहौल तैयार करने से जुड़ा रहा।
ये भी पढ़ें- Miss Universe: भारत की वो 3 बेटियां जो रह चुकीं मिस यूनिवर्स, क्या जानते हैं आखिरी वाली का नाम
जेनिफर बैरेटो ने बिना पेजेंट अनुभव के कैसे जीता मिस यूनिवर्स का ताज?
जेनिफर की कहानी की एक और खास बात यह है कि मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको में हिस्सा लेने से पहले उन्हें किसी बड़े ब्यूटी पेजेंट का अनुभव नहीं था। उन्होंने इस मंच को अपनी सामाजिक सोच और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को सामने रखने का जरिया बनाया। फाइनल राउंड में नेतृत्व और जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर उनके जवाब भी चर्चा में रहे। AI के इस्तेमाल पर उन्होंने जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।














