Kaziah Liz Mejo Miss Universe 2026 : प्यूर्टो रिको में हुए 75वें मिस यूनिवर्स में भारत की 19 साल की काजिया लिज मेजो टॉप-30 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप-12 में जगह बनाने से चूक गईं। सुष्मिता सेन से लेकर हरनाज संधू तक, जानिए भारत की उन तीन बेटियों के बारे में जिन्होंने मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर इतिहास रचा।

75वें मिस यूनिवर्स का आयोजन प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन में हुआ। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो मिस यूनिवर्स-2026 बनीं, जबकि डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं। वहीं भारत की तरफ से केरलम की 19 साल की काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। काजिया टॉप-30 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं। ऐसे में सवाल उठता है कि काजिया से पहले भारत की कितनी बेटियां मिस यूनिवर्स का ताज जीत चुकी हैं और भारत की पहली तथा आखिरी मिस यूनिवर्स कौन थीं?

सुष्मिता सेन बनीं भारत की पहली मिस यूनिवर्स

साल 1994 भारत के लिए ब्यूटी पेजेंट के इतिहास में सबसे खास रहा। इसी साल सुष्मिता सेन ने महज 18 साल की उम्र में मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर इतिहास रचा था। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने दुनियाभर की प्रतियोगियों को पछाड़कर भारत को पहली बार यह खिताब दिलाया। उनकी जीत ने भारतीय महिलाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान का रास्ता खोला।

2. लारा दत्ता ने 2000 में जीता दूसरा ताज

सुष्मिता सेन की जीत के छह साल बाद साल 2000 में लारा दत्ता ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। लारा ने प्रतियोगिता के इंटरव्यू राउंड में बेहद शानदार प्रदर्शन किया था। उनके जवाब और आत्मविश्वास ने निर्णायकों को प्रभावित किया। इस जीत के बाद लारा दत्ता ने बॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई और कई चर्चित फिल्मों में काम किया।

3. हरनाज संधू बनीं भारत की आखिरी मिस यूनिवर्स

भारत को तीसरा मिस यूनिवर्स का ताज साल 2021 में मिला। पंजाब की हरनाज संधू ने 70वें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में जीत हासिल की। उन्होंने 21 साल बाद भारत को यह खिताब दिलाया। हरनाज ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और जवाबों से दुनियाभर के निर्णायकों को प्रभावित किया। फिलहाल हरनाज संधू भारत की आखिरी मिस यूनिवर्स विजेता हैं। उनके बाद भारत की किसी प्रतियोगी ने यह ताज नहीं जीता।