
Instagram Viral Video: “तुम्हें अपनी आवाज पसंद है? तो उसे अपनाओ और अपनी कहानी भी।” यही बात क्लास 11 में अंग्रेजी की शिक्षिका ने दीपक रामोला से कही थी। कभी अपनी आवाज को लेकर ताने सुनने वाले लेखक और शिक्षक, हार्वर्ड ग्रेजुएट दीपक रामोला ने अब उसी आवाज को अपनी पहचान बना लिया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए उनके वीडियो ने बुलिंग, आत्मस्वीकार और एक शिक्षक की सही समय पर कही गई बात को लेकर लोगों का ध्यान खींचा है। जानिए पूरी डिटेल।
दीपक रामोला ने बताया कि स्कूल के वर्षों में उनकी आवाज का मजाक उड़ाया जाता था। उन्हें कहा जाता था कि उनकी आवाज बच्चे जैसी है, लड़की जैसी लगती है और उसमें पर्याप्त गहराई नहीं है। हाल ही में मिले एक कमेंट ने उन्हें उन पुराने दिनों की याद दिला दी, जब ऐसी बातें उन्हें भीतर तक प्रभावित करती थीं। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। एक शिक्षक की संवेदनशीलता ने दीपक को अपनी उसी आवाज को अलग नजर से देखने का मौका दिया।
क्लास 11 में अंग्रेजी की शिक्षिका प्रगति कपूर ने दीपक को रोते हुए देखा। उन्होंने पहले पूछा कि क्या उन्हें अपनी आवाज पसंद है। जब दीपक ने कहा कि उन्होंने इस बारे में कभी गंभीरता से सोचा ही नहीं, तो शिक्षिका ने उनसे एक और सवाल किया, अगर अगले दिन से वह बोल ही न पाएं तो? दीपक ने जवाब दिया कि वह ऐसा नहीं चाहेंगे, क्योंकि उनके पास कहने के लिए बहुत कुछ है। इसी जवाब के बाद प्रगति कपूर ने उन्हें समझाया कि अगर उन्हें अपनी आवाज पसंद है, तो उन्हें अपनी आवाज और अपनी कहानी दोनों को अपनाना चाहिए।
ये भी पढ़ें- कौन हैं बिहार की खुशबू कुमारी? 50% से 90% पहुंचाई स्कूल की हाजिरी, अब राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
दीपक के मुताबिक, उस बातचीत के बाद उन्होंने अपनी आवाज के लिए शर्मिंदगी महसूस करना छोड़ दिया। उनका कहना है कि दूसरों की टिप्पणियां किसी व्यक्ति को तब तक छोटा नहीं कर सकतीं, जब वह खुद अपनी पहचान को स्वीकार कर चुका हो। आज दीपक लेखक और शिक्षक के तौर पर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अपनी बात रखते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी आवाज उन्हें 40 देशों तक ले गई और दुनिया की कई प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज में पढ़ाने का मौका मिला। नीचे देखें वायरल वीडियो-
ये भी पढ़ें- बेटी ने मां को मैनेजर रखा, 2 हफ्ते में ही निकाला, वजह जानकर समझ आएगा परिवार-करियर का फर्क
वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने दीपक की कहानी को अपनी जिंदगी से जुड़ा बताया। कुछ लोगों ने आवाज को लेकर खुद झेली गई टिप्पणियों का अनुभव साझा किया, जबकि कई लोगों ने उन्हें प्रेरणादायक बताया। एक यूजर ने लिखा कि उन्होंने भी अपनी आवाज को लेकर मजाक झेला, लेकिन बाद में उसी चीज को अपनी ताकत बना लिया।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।