
Instagram Viral Video: आज भी ज्यादातर लोग आर्थिक सुरक्षा का मतलब एक अच्छी नौकरी और हर महीने मिलने वाली सैलरी को मानते हैं। लेकिन भारतीय कंटेंट क्रिएटर स्नेह गौर की कहानी इस सोच से अलग नजर आती है। उन्होंने बताया कि कैसे एक कॉर्पोरेट नौकरी से शुरुआत करने के बाद उन्होंने अपनी कमाई के कई ऐसे स्रोत तैयार किए, जिनकी बदौलत वह दुनिया के सबसे महंगे देशों में गिने जाने वाले स्विट्जरलैंड में छह महीने तक बिना किसी कंपनी की नौकरी के रह सकीं।
स्नेह गौर के मुताबिक, करियर की शुरुआत में वह करीब 45 हजार रुपये महीने की सैलरी वाली कॉर्पोरेट नौकरी कर रही थीं। उस समय उन्हें लगता था कि अच्छी पढ़ाई, नौकरी और प्रमोशन ही सफलता की असली पहचान है। लेकिन कुछ समय बाद उन्हें महसूस हुआ कि वह अपने जीवन में सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि फैसले लेने की आजादी चाहती हैं। उनका सपना था कि वे अपनी पसंद की जगह पर रहें, यात्रा करें और वही काम करें जिसमें उन्हें खुशी मिले।
स्नेह ने बताया कि उन्होंने स्पेनिश भाषा सीखने का फैसला किया और यही कदम आगे चलकर उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा बदलाव साबित हुआ। इस स्किल की वजह से उन्हें स्पेन जाने का मौका मिला। वहां उन्हें अलग-अलग देशों के लोगों के साथ काम करने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर मिला। बाद में उन्होंने इसी भाषा को अपने करियर की मजबूत नींव बना लिया।
स्पेनिश सिखाने से शुरुआत करने वाली स्नेह ने धीरे-धीरे अपना काम बढ़ाया। उन्होंने स्पेन ट्रैवल गाइड तैयार किए, डिजिटल प्रोडक्ट्स लॉन्च किए, ऑनलाइन बिजनेस शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए मेंटरशिप प्रोग्राम बनाए और कंटेंट क्रिएशन के जरिए ब्रांड कोलैबरेशन भी किए। इस तरह उनकी कमाई सिर्फ एक नौकरी पर निर्भर नहीं रही, बल्कि कई अलग-अलग स्रोतों से होने लगी। नीचे देखें इंटाग्राम वायरल वीडियो-
स्नेह का कहना है कि जब वह स्विट्जरलैंड पहुंचीं, तब उनकी आय किसी कंपनी की सैलरी से नहीं, बल्कि उनके ऑनलाइन बिजनेस, लैपटॉप और रिमोट टीम के जरिए हो रही थी। इसी वजह से उन्हें किसी ऑफिस, बॉस या तय जगह से बंधकर काम करने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि लोगों ने अक्सर उनसे पूछा कि उन्होंने स्विट्जरलैंड जैसे महंगे देश में रहने का खर्च कैसे उठाया। उनका जवाब था कि उन्होंने पहले ही ऐसा काम खड़ा कर लिया था, जो उन्हें कहीं से भी काम करने और कमाई करने की आजादी देता है।
स्नेह गौर का मानना है कि कई बार जिंदगी बदलने वाला मौका किसी प्रमोशन से नहीं, बल्कि एक नई स्किल से मिलता है। उनका अनुभव बताता है कि यदि समय रहते नई क्षमता विकसित की जाए और कमाई के एक से ज्यादा रास्ते बनाए जाएं, तो करियर के नए विकल्प खुल सकते हैं और व्यक्ति अपनी पसंद की लाइफ स्टाइल चुनने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।