InnoData Layoffs: रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में करीब 550 कर्मचारी प्रभावित हुए। कर्मचारियों ने बताया कि अचानक लैपटॉप एक्सेस बंद हुआ और टर्मिनेशन ईमेल मिले।
InnoData Layoffs: दिल्ली में रहने वाले 28 साल के एक इंजीनियर के लिए सोमवार की शुरुआत सामान्य दिनों जैसी थी। उसे अंदाजा भी नहीं था कि बिना किसी सूचना या चेतावनी के उसकी नौकरी अचानक चली जाएगी। वह इनोडेटा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों में से एक था। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में कंपनी ने करीब 550 कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाल दिया है।
आम दिन की तरह शुरू हुआ काम, फिर बंद होने लगा एक्सेस
कर्मचारियों के मुताबिक, सोमवार सुबह उन्होंने रोज की तरह अपने सिस्टम में लॉग इन किया और अटेंडेंस दर्ज की।
शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन लंच के समय तक हालात बदलने लगे।
धीरे-धीरे कर्मचारियों के लिए कंपनी के लैपटॉप का एक्सेस बंद होने लगा।
इसके बाद उनके पर्सनल ईमेल आईडी पर नौकरी खत्म किए जाने से जुड़े टर्मिनेशन मेल भेजे गए।
एक कर्मचारी ने बताया कि एक-एक करके उनके आधिकारिक डिवाइस का एक्सेस बंद होने लगा।
लैपटॉप से लॉग आउट हो गया और कंपनी की ऑफिशियल आईडी डि-एक्टिवेट कर दी गई।
कर्मचारियों के लिए यह स्थिति चौंकाने वाली थी, क्योंकि उन्हें पहले से किसी तरह की सूचना नहीं दी गई थी।
HR पोर्टल पर दिखी 26 अक्टूबर की तारीख
छंटनी की खबर फैलने के बाद भारत में काम करने वाले कर्मचारियों ने कंपनी का HR पोर्टल चेक करना शुरू किया। वहां उन्हें अपनी पेस्लिप बनी हुई मिली।
पोर्टल पर 26 अक्टूबर को इस्तीफे की ऑफिशियल डेट और लास्ट वर्किंग डे के रूप में दर्ज किया गया था।
यह जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों ने जल्दबाजी में अपने मैनेजरों से संपर्क करने की कोशिश की।
एक कर्मचारी के मुताबिक, मैनेजर भी इस खबर से हैरान थे।
कर्मचारियों ने पहले इसे अफवाह समझकर HR टीम से स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनके डिवाइस का एक्सेस भी बंद होने लगा।
एक कर्मचारी ने बताया, “जब हम अपनी HR टीम को इस ‘अफवाह’ के बारे में मैसेज कर रहे थे, तब एक-एक करके हमारे आधिकारिक डिवाइस का एक्सेस जाना शुरू हो गया।
लैपटॉप लॉग आउट हो गए और ऑफिशियल आईडी डि-एक्टिवेट कर दी गईं।”
फिलीपींस में भी छंटनी की खबर
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में करीब 550 कर्मचारी इस छंटनी से प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कंपनी की फिलीपींस टीम में भी कर्मचारियों की नौकरी जाने की खबर सामने आई है। कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें नौकरी खत्म किए जाने की जानकारी अचानक मिली और इसके साथ ही कंपनी के सिस्टम तक उनकी पहुंच भी बंद होने लगी।
क्या करती है Innodata कंपनी?
इनोडेटा अमेरिका स्थित डेटा इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्विसेज देने वाली कंपनी है।
इसका हेडऑफिस रिजफील्ड पार्क, न्यू जर्सी में है। कंपनी टेक्नोलॉजी संगठनों को AI सिस्टम बनाने और बेहतर करने में मदद करती है।
इनोडेटा डेटा लेबलिंग, मॉडल ट्रेनिंग, इवैल्यूएशन और सेफ्टी टेस्टिंग जैसी सेवाएं देती है।
कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, उसके ग्राहकों में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एप्पल, सोनी, हेवलेट-पैकर्ड, स्नोफ्लेक, बोइंग और डेलॉइट जैसी कंपनियां शामिल हैं।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।