
PM Lawrence Wong Salary Hike: दुनिया में प्रधानमंत्री का पद सिर्फ सत्ता और जिम्मेदारी के लिहाज से ही बड़ा नहीं होता, कुछ देशों में इस पद की सैलरी भी हैरान कर देती है। अब सिंगापुर ने अपने राजनीतिक पदों के वेतन ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के लिए सालाना सैलरी का नया बेंचमार्क S$3.6 मिलियन तय किया गया है। भारतीय रुपये में यह रकम करीब ₹27 करोड़ सालाना बैठती है। मौजूदा S$2.2 मिलियन के मुकाबले यह करीब 64 फीसदी की बढ़ोतरी है।
सिंगापुर सरकार ने करीब 15 साल बाद मंत्रियों और राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों के वेतन की समीक्षा की है। नए ढांचे के मुताबिक प्रधानमंत्री का बेंचमार्क पैकेज S$2.2 मिलियन से बढ़कर S$3.6 मिलियन हो गया है। हालांकि यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। 64% की बढ़ोतरी का मतलब यह नहीं है कि लॉरेंस वोंग को तुरंत पूरी S$3.6 मिलियन रकम मिलने लगेगी। मौजूदा राजनीतिक पदाधिकारियों के लिए शुरुआत में 15 अक्टूबर से अधिकतम 9% का एकमुश्त समायोजन किया जाएगा। इसके बाद वेतन में बदलाव जिम्मेदारी और व्यक्तिगत प्रदर्शन से जोड़ा जाएगा।
नए वेतन ढांचे का असर सिर्फ प्रधानमंत्री पर नहीं पड़ेगा। डिप्टी प्रधानमंत्री के लिए नया बेंचमार्क पैकेज S$3.06 मिलियन रखा गया है। वहीं कैबिनेट मंत्रियों का सालाना पैकेज उनकी वरिष्ठता और जिम्मेदारियों के आधार पर S$1.80 मिलियन से S$2.88 मिलियन के बीच होगा। सांसदों के मासिक भत्ते में भी बढ़ोतरी प्रस्तावित है। यह S$13,750 से बढ़कर S$18,500 किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- कौन थे राकेश मेहता, जानिए दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी का करियर, फैमिली में कौन-कौन?
इस फैसले के बीच प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने एक अहम ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अपनी सैलरी में होने वाली पूरी बढ़ोतरी को वह चैरिटी और सामाजिक कार्यों के लिए दान करेंगे। उनका कहना है कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है और वह दूसरे राजनीतिक नेताओं से ऐसी उम्मीद नहीं करते।
सिंगापुर सरकार लंबे समय से मानती रही है कि अच्छे और सक्षम लोगों को राजनीति में बनाए रखने के लिए राजनीतिक पदों पर प्रतिस्पर्धी वेतन जरूरी है। सरकार के मुताबिक देश की अर्थव्यवस्था और प्रशासन को संभालने के लिए शीर्ष स्तर पर मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। यही वजह है कि सिंगापुर में राजनीतिक सैलरी का मुद्दा हमेशा चर्चा में रहता है। एक तरफ सरकार इसे बेहतर नेतृत्व और प्रतिभा को आकर्षित करने का जरिया बताती है, वहीं दूसरी ओर इतनी बड़ी रकम आम नागरिकों के बीच बहस का विषय भी रहती है।
ये भी पढ़ें- अमेरिका जाने के लिए कौन सा वीजा चाहिए? घूमने से नौकरी और ग्रीन कार्ड तक हर तरह के वीजा की डिटेल
लॉरेंस वोंग ने भी माना है कि राजनीतिक वेतन एक संवेदनशील मुद्दा है। उनका तर्क है कि बहस सिर्फ नेताओं की सैलरी पर नहीं, बल्कि देश को लंबे समय तक प्रभावी तरीके से चलाने के लिए जरूरी क्वालिटी लीडरशिप पर भी होनी चाहिए।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।