कौन थे राकेश मेहता, जानिए दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी का करियर, फैमिली में कौन-कौन?

Published : Sep 09, 2026, 10:22 AM ISTUpdated : Sep 09, 2026, 10:30 AM IST
Rakesh Mehta Ex Delhi Chief Secretary Dies

सार

Who is IAS Rakesh Mehta: राकेश मेहता कौन थे? जिन्होंने सुसाइड कर जान दी। जानिए दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता का आईएएस करियर, शिक्षा, परिवार, एमसीडी में भूमिका, 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में उनकी भूमिका और लाइफ की रोचक बातें।

Rakesh Mehta Biography: दिल्ली की नौकरशाही में तीन दशक से ज्यादा समय तक अहम जिम्मेदारियां संभालने वाले पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता अब नहीं रहे। 1975 बैच के IAS अधिकारी मेहता का 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-82 स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। पुलिस के मुताबिक, मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें उन्होंने लंबे समय से चल रही स्वास्थ्य और मानसिक परेशानियों का जिक्र किया था। 74 वर्षीय मेहता की अंतिम यात्रा दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट से हुई।

राकेश मेहता कौन थे?

राकेश मेहता 1975 बैच के AGMUT कैडर के IAS अधिकारी थे। दिल्ली सरकार में अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पद संभाले। दिसंबर 2007 में उन्हें दिल्ली का मुख्य सचिव बनाया गया और नवंबर 2010 में रिटायर होने तक वह इस पद पर रहे। यह वह दौर था जब राजधानी में बड़े स्तर पर शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े काम चल रहे थे। उनका कार्यकाल तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के दौर से जुड़ा रहा। खास तौर पर 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों के समय दिल्ली प्रशासन की कमान उनके हाथ में थी। इस दौरान शहर में परिवहन, बिजली, सड़कों और दूसरी नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट आगे बढ़ाए जा रहे थे।

DTC से MCD तक, राकेश मेहता ने संभाली कई बड़ी जिम्मेदारियां

चीफ सेक्रेटरी बनने से पहले भी मेहता दिल्ली प्रशासन के कई महत्वपूर्ण हिस्सों से जुड़े रहे। वह MCD के कमिश्नर, दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) के CMD और बिजली विभाग के सचिव जैसे पदों पर रहे। प्रशासनिक कामकाज में उनकी खास दिलचस्पी शहरी व्यवस्था, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में बताई जाती है। DTC में उनकी भूमिका भी उल्लेखनीय रही। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके कार्यकाल में दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन में बदलाव और लो-फ्लोर बसों को बढ़ावा देने की दिशा में काम हुआ। यही वजह है कि दिल्ली की शहरी परिवहन व्यवस्था में उनका प्रशासनिक योगदान लंबे समय तक याद किया गया।

ये भी पढ़ें- Rakesh Mehta Suicide: दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी ने उठाया खौफनाक कदम

IAS राकेश मेहता का शानदार एजुकेशनल बैकग्राउंड

राकेश मेहता की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी मजबूत थी। उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठितसेंट स्टीफंस कॉलेज से बीए (ऑनर्स) किया। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से एमए और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) से एमएससी की डिग्री हासिल की थी।

राकेश मेहता के परिवार में कौन-कौन?

रिपोर्टों के अनुसार, राकेश मेहता की पत्नी भी दिल्ली कैडर की रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं। उनकी पत्नी और बेटा देहरादून में रहते हैं, जबकि उनकी बेटी लंदन में रहती हैं। मेहता पिछले करीब पांच वर्षों से नोएडा के सेक्टर-82 स्थित किराये के फ्लैट में अकेले रह रहे थे।

ये भी पढ़ें- कौन हैं रोमन सैनी? IAS की कुर्सी छोड़ी, Unacademy खड़ी की और अब 206 मिलियन डॉलर की डील से फिर चर्चा में

आखिरी दौर में स्वास्थ्य से जूझ रहे थे राकेश मेहता

पुलिस के मुताबिक, उनके घर से मिले कथित नोट में स्वास्थ्य और मानसिक परेशानियों को मौत की वजह बताया गया। रिपोर्टों में यह भी सामने आया है कि वह हाइपरटेंशन, डायबिटीज और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। राकेश मेहता का प्रशासनिक सफर उस दौर की दिल्ली की कहानी से जुड़ा रहा, जब राजधानी तेजी से बदल रही थी। चीफ सेक्रेटरी के रूप में उनका कार्यकाल, कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियां और परिवहन से लेकर नागरिक सेवाओं तक उनकी जिम्मेदारियां उनके करियर की प्रमुख पहचान बनी रहेंगी। लंबे प्रशासनिक अनुभव और दिल्ली की व्यवस्था में निभाई गई उनकी अहम भूमिकाओं के चलते उन्हें राजधानी के वरिष्ठ नौकरशाहों में गिना जाता था।

PREV

सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।

AT
About the Author

Anita Tanvi

अनीता तन्वी। मीडिया जगत में 15 साल से ज्यादा का अनुभव। मौजूदा समय में ये एशियानेट न्यूज हिंदी के साथ जुड़कर एजुकेशन सेगमेंट संभाल रही हैं। इन्होंने जुलाई 2010 में मीडिया इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने करियर की शुरुआत प्रभात खबर से की। पहले 6 सालों में, प्रभात खबर, न्यूज विंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थानों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ह्यूमन एंगल और फीचर रिपोर्टिंग पर काम किया। इसके बाद, डिजिटल मीडिया की दिशा में कदम बढ़ाया। इन्हें प्रभात खबर.कॉम में एजुकेशन-जॉब/करियर सेक्शन के साथ-साथ, लाइफस्टाइल, हेल्थ और रीलिजन सेक्शन को भी लीड करने का अनुभव है। इसके अलावा, फोकस और हमारा टीवी चैनलों में इंटरव्यू और न्यूज एंकर के तौर पर भी काम किया है।Read More...
Read more Articles on

Recommended Stories

अमेरिका जाने के लिए कौन सा वीजा चाहिए? घूमने से नौकरी और ग्रीन कार्ड तक हर तरह के वीजा की डिटेल
SSC CHS 2026 Salary: 12वीं पास के लिए 2536 पद, कितनी मिलेगी सैलरी? LDC से DEO तक जानें वेतनमान