
Who is Anuj Agnihotri: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार 6 मार्च, 2026 को सिविल सर्विस परीक्षा 2025 (CSE 2025) के नतीजे घोषित किए। इस परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR-1) हासिल की। 25 वर्षीय अनुज ने अपनी सफलता के पीछे अपनी मां को सबसे बड़ी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही उनका मुख्य लक्ष्य रहा है।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में रावतभाटा के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री का कहना है कि बचपन से ही उनकी मां ने उन्हें समाज के लिए काम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, लोगों की सेवा करना और अपने आसपास सकारात्मक बदलाव लाना मेरी मां से मिली प्रेरणा है। उसी प्रेरणा ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की।
अनुज ने AIIMS, जोधपुर से MBBS की पढ़ाई की है। उन्होंने साल 2017 में मेडिकल की पढ़ाई शुरू की थी। हालांकि, शुरुआत में उन्हें अपने करियर का स्पष्ट लक्ष्य नहीं पता था, लेकिन उनके मन में यह साफ था कि उन्हें ऐसा काम करना है, जिससे समाज के बड़े हिस्से पर सकारात्मक असर पड़े।
अनुज ने बताया कि मेडिकल की पढ़ाई के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि समाज में बड़ा बदलाव लाने के लिए सिर्फ इच्छा ही नहीं बल्कि एक मजबूत प्रशासनिक भूमिका भी जरूरी होती है। उन्होंने कहा, शुरुआत में मुझे अपने जीवन का स्पष्ट मकसद नहीं पता था। लेकिन मुझे यह जरूर पता था कि मैं लोगों की सेवा करना चाहता हूं और अपने काम से समाज के एक बड़े हिस्से को प्रभावित करना चाहता हूं।
अनुज ने 2023 में अपने पहले प्रयास में ही यूनियन टेरिटरीज़ सिविल सर्विसेज़ (UTCS) परीक्षा पास कर ली थी। फिलहाल वह दिल्ली में SDM के पद पर प्रोबेशन पीरियड में काम कर रहे हैं। उन्होंने उस पल को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने UTCS परीक्षा पास की, तो उन्हें अपनी सफलता पर विश्वास ही नहीं हुआ।
अनुज ने बताया कि जब उन्हें UTCS परीक्षा पास करने की खबर मिली, तो वह बेहद भावुक हो गए थे। उन्होंने कहा, जिस दिन मैंने UTCS क्लियर किया, मुझे खुद पर यकीन ही नहीं हुआ। मैं अपने कमरे में गया, दरवाजा बंद किया और लगभग आधे घंटे तक खुशी से रोता रहा।
SDM की ट्रेनिंग के दौरान भी अनुज ने UPSC सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी जारी रखी। लगातार मेहनत और अनुशासन के कारण आखिरकार उन्होंने UPSC CSE 2025 में देश में पहला स्थान हासिल किया।
अनुज के पिता कृष्ण बिहारी राजस्थान एटॉमिक पावर स्टेशन में टेक्नीशियन हैं। उन्होंने बताया कि यह अनुज का तीसरा प्रयास था और उन्होंने कभी किसी कोचिंग सेंटर की मदद नहीं ली। पिता ने कहा, उसने पूरी तैयारी खुद की। यह सब उसकी मेहनत और लगन का परिणाम है। वह रोज लगभग 13 घंटे पढ़ाई करता था। आज हमें अपने बेटे पर बहुत गर्व है। मुझे विश्वास है कि वह देश के बेहतरीन IAS अधिकारियों में से एक बनेगा।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।