
ऑफिस में काम करने का पारंपरिक समय सुबह 9 से शाम 5 बजे तक का माना जाता है। लेकिन सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट ने इस सोच को चुनौती दी है। एक कर्मचारी ने बहस छेड़ दी है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे की शिफ्ट कहीं ज़्यादा प्रोडक्टिव, सुविधाजनक और आज़ादी देने वाली होती है।
“दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक काम करना 9 से 5 से कहीं बेहतर है” टाइटल वाली इस पोस्ट में कर्मचारी ने समझाया कि इस लेट शिफ्ट से उन्हें उस थकान से बचने में मदद मिलती है जो अक्सर दिनभर काम करने के बाद होती है।
यूज़र ने लिखा, "आप काम के ठीक बाद सो सकते हैं और शाम को होने वाली ज़ॉम्बी जैसी थकान से बच सकते हैं, जब आप काम से लौटते हैं और कुछ और करने की हिम्मत नहीं होती।"
कर्मचारी के मुताबिक, काम देर से शुरू करने से सुबह का समय ज़रूरी कामों, अपॉइंटमेंट्स और घर की ज़िम्मेदारियों के लिए मिल जाता है - और वो भी बिना भीड़-भाड़ के।
उन्होंने कहा, "ज़्यादातर जगहें उस समय खुली होती हैं, इसलिए कोई भी अपॉइंटमेंट लेना बहुत आसान होता है। आप हर तरह के जाम से बच जाते हैं। जिम खाली होते हैं, ट्रैफिक नहीं होता, और किराने की दुकानों में शांति होती है।"
कर्मचारी ने यह भी तर्क दिया कि इस शेड्यूल से एक प्रोडक्टिव और रिलैक्स रूटीन बनाए रखना आसान हो जाता है। “अच्छी नींद के बाद आप कहीं ज़्यादा प्रोडक्टिव होते हैं और काम से पहले घर के काम निपटाने और चिल करने का भी समय मिलता है।” यह कर्मचारी स्पेन से अमेरिकी टाइम ज़ोन के हिसाब से रिमोट वर्क करता है। उसने बताया कि सबसे बड़ा फायदा काम खत्म करके तुरंत सो जाना है।
उन्होंने कहा, "मैं स्पेन से अमेरिकी टाइमज़ोन पर रिमोटली काम करता हूं, और यही मेरे काम के घंटे हैं, और मुझे यह बहुत पसंद है। हालांकि, अगर हर कोई इसी शेड्यूल पर होता, तो कुछ फायदे कम हो जाते, लेकिन काम के ठीक बाद सो पाना जादुई है।"
हालांकि, इस अनोखे शेड्यूल की आलोचना भी हुई। कई यूज़र्स ने कहा कि प्रोडक्टिविटी और सुविधा के चक्कर में सोशल लाइफ और फैमिली टाइम कुर्बान हो सकता है। एक यूज़र ने कहा, "यह तब तक बहुत अच्छा है जब तक आप अपने दोस्तों या परिवार के साथ कुछ नहीं करना चाहते। जब आप फ्री होते हैं तो वे काम पर होते हैं, और जब वे फ्री होते हैं तो आप काम पर होते हैं।"
एक अन्य यूज़र ने परिवार वाले लोगों के लिए चुनौतियों पर प्रकाश डाला, "सहमत हूं। अगर आप सिंगल हैं तो यह परफेक्ट है, लेकिन अगर आप शादीशुदा हैं और बच्चे हैं तो यह बहुत बुरा है। जब तक आप काम से घर लौटेंगे, तब तक आपके बच्चे और जीवनसाथी शायद सो चुके होंगे।" लेकिन कुछ लोगों ने इस लेट शिफ्ट का ज़ोरदार बचाव भी किया। एक यूज़र जो दोपहर 3 बजे से आधी रात तक काम करता है, ने कहा कि यह शेड्यूल उन लोगों के लिए आदर्श है जिन्हें सुबह जल्दी उठना पसंद नहीं है।
"एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर जिसे सुबह जल्दी उठने से नफरत है, मुझे अपना 3 बजे से आधी रात का शेड्यूल बहुत पसंद है। मैं काम खत्म करते ही सो जाता हूं, एक ठीक-ठाक समय (9 या 10 बजे) पर उठता हूं और मेरे पास कई घंटे होते हैं कुछ भी करने के लिए, जिसमें 9-5 वाली संस्थाओं से जुड़े काम भी शामिल हैं।"
एक चौथे यूज़र ने एक संतुलित नज़रिया पेश करते हुए माना कि फायदे तो असली हैं, लेकिन इसके सामाजिक नुकसान भी हैं। “मैंने भी अपनी 20s की उम्र में इसी तरह के घंटों में काम किया है, बताए गए फायदे असली हैं, लेकिन कुछ नुकसान भी थे। मुख्य नुकसान यह था कि मेरे पार्टनर और ज़्यादातर दोस्त उस शेड्यूल पर काम नहीं करते थे, इसलिए मैं हफ्तों के दौरान होने वाली लगभग सभी सोशल एक्टिविटीज़, फैमिली डिनर और शाम के इवेंट्स से चूक जाता था।”
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।