
मुंबई। चीन से फैला कोरोना वायरस तेजी से अपने पैर पसारता जा रहा है। अब तक दुनियाभर के 200 देशों को यह अपनी चपेट में ले चुका है। कोरोना वायरस की वजह से भारत में भी 14 अप्रैल तक लॉकडाउन हो चुका है। कोरोना फैलने की वजह जहां लोग चीन की गलत ईटिंग हैबिट्स को मान रहे हैं, वहीं एक्टर इमरान हाशमी ने भी इस वायरस के फैलने का कारण चीन के गलत खानपान को ठहराया है। इमरान ने अपने ट्वीट में लिखा- यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां से मीलों दूर बैठे लोगों को अजीबोगरीब खाने का स्वाद लेना है जैसे कि चमगादड़ खाना।
फैन्स ने किया इमरान हाशमी का सपोर्ट:
इमरान की बात से फैन्स भी सहमत दिखाई दे रहे हैं। एक शख्स ने लिखा, सही कह रहे हो भाई साब...और चमगादड़ खा के सूअर की मौत मार दिया दुनिया भर के लोगों को। एक और यूजर ने लिखा-सिर्फ चमगादड़ ही नहीं, ये लोग कुत्ता, सांप, बिल्ली, चूहा और न जाने क्या-क्या खा जाते हैं। बता दें कि कोरोना की शुरुआत चीन के वुहान शहर के एक सी-फूड मार्केट से हुई थी। कहा जा रहा है कि यहां बिकने वाले चमगादड़ को खाने से वायरस फैल गया और अब रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है कि चमगादड़ को खाने से यह बीमारी फैली है लेकिन लोग कोरोना के बढ़ते मामलों के लिए चीन को ही जिम्मेदार मान रहे हैं।
भारत में अब तक 17 की मौत :
भारत में कोरोना का संकट गहराता जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 724 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। कुल 17 मौतें हुई हैं। पिछले 24 घंटों में 75 नए पॉजिटिव मामले और 4 नई मौतें हुई हैं। हालांकि कई मीडिया संस्थान अपने सूत्रों के हवाले से चला रहे हैं कि मौत का आंकड़ा 21 हो चुका है।
ब्रिटेन में 550 से ज्यादा लोगों की मौत :
बता दें कि ब्रिटेन दुनिया के सबसे प्रभावित देशों में है। कोरोना के यहां अब तक 11 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। वहीं, 550 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा इटली में सबसे ज्यादा 8200 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 713 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, स्पेन में 4 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। जबकि चीन में करीब 3200 की मौत हुई है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।