
रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक पत्नी ने किरायेदार और नौकर के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। मर्चेन्ट नेवी के इंजीनियर की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी, किरायेदार व नौकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने पति को मारने के लिए पांच लाख की सुपारी दी थी। किरायेदार लवकुश और नौकर अवनीश दोनों को पैसों की जरूरत थी। महिला ने इसी मौके का फायदा उठाया और उन्हें पैसों का ऑफर दिया जिससे वे दोनों हत्या के लिए राजी हो गए।
हत्या की वजह पारिवारिक विवाद है
पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह पारिवारिक विवाद है। पति पत्नी के बीच पिछले छह-सात साल से अनबन चल रही थी। नेवी में पोस्टिंग होने के कारण विश्वनाथ साल में छह महीने घर पर रहते थे और बाकी के छह महीने उनकी ड्यूटी शिप पर रहती थी। इस बार विश्वनाथ छह महीने की छुट्टी के लिए 12 जुलाई को घर लौटे। उसी दिन उनका पत्नी से विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार उसी दिन महिला ने अपने पति को मार डालने की ठान ली थी। महिला ने अपने किराएदार लवकुश और नौकर अवनीश को इस घटना को अंजाम देने के लिए टटोला। इंजीनियर पर आरोप है कि वे पत्नी के साथ मारपीट करते थे।
रात 2 बजे दिया साजिश को अंजाम
महिला शुक्रवार को रात का भोजन करने के बाद बच्चों के साथ सोने चली गई। विश्वनाथ बगल के कमरे में सोने चले गए। प्लानिंग के तहत लवकुश ने रात 1 बजे कॉल करके बताया कि वह अवनीश को रवाना कर रहा है। अवनीश, लवकुश की मोपेड लेकर मोवा से निकला। रात के 2 बजे बम्लेश्वरी नगर पहुंचकर उसने महिला को कॉल किया। महिला ने उसे रास्ता बताते हुए कहा कि दीवार फांदकर मकान के पीछे जाए। पीछे का दरवाजा खुला हुआ है। अवनीश दीवार फांदकर अंदर आया। विश्वनाथ जिस कमरे में सोए थे, उसके पीछे का दरवाजा खुला था। अवनीश जैसे ही भीतर गया महिला उसे विश्वनाथ के कमरे में ले गई और खुद सोने चली गई। अवनीश बिस्तर पर चढ़ा और पांच किलो के घन से, सोते हुए विश्वनाथ के ऊपर लगातार आठ बार हमला किया। जब खून बहने लगा तो अवनीश को लगा की वह मर गया है । वह घन को लेकर वहां से भाग गया। उसने घन को कटोरा तालाब के पास फेंका दिया और घर जाकर सो गया।
कॉल डिटेल से सुलझी हाई प्रोफाइल मर्डर की गुत्थी
मर्चेन्ट नेवी इंजीनियर की हत्या की साजिश कॉल डिटेल से फूट गई। पुलिस की साइबर टीम ने हत्या के फौरन बाद जांच शुरू कर दी जिसमें कॉल डिटेल की जांच में पता चला कि इंजीनियर की पत्नी ने किसी से रात 2 बजे बात की है। डिटेल में अवनीश और लवकुश के मोबाइल नंबर मिल गए। पुलिस ने सबसे पहले उन्हें घेरे में लिया, उसके बाद पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया। कुछ ही घंटों के भीतर पूरी मिस्ट्री सुलझ गई। घर का पिछला दरवाजा खुला होने के कारण भी पहला शक परिवार के सदस्य पर गया था। बता दें कि इलाज के दौरान शनिवार सुबह विश्वनाथ की मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।