अभ्यास मैच में खेलेंगे सभी स्टार खिलाड़ी, टीम में जगह बनाने की कोशिश से रोमांचक होगा मुकाबला

Published : Feb 13, 2020, 01:51 PM IST
अभ्यास मैच में खेलेंगे सभी स्टार खिलाड़ी, टीम में जगह बनाने की कोशिश से रोमांचक होगा मुकाबला

सार

भारतीय टीम शुक्रवार से जब न्यूजीलैंड एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में उतरेगी तो सभी की नजरें सलामी जोड़ी और स्पिनरों पर टिकी होंगी। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 0-3 से क्लीनस्वीप होने के बाद विराट कोहली की टीम के लिए अगले हफ्ते शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले यह अभ्यास मैच काफी महत्वपूर्ण है।

हैमिल्टन. भारतीय टीम शुक्रवार से जब न्यूजीलैंड एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में उतरेगी तो सभी की नजरें सलामी जोड़ी और स्पिनरों पर टिकी होंगी। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 0-3 से क्लीनस्वीप होने के बाद विराट कोहली की टीम के लिए अगले हफ्ते शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले यह अभ्यास मैच काफी महत्वपूर्ण है। भारत इससे बेहतर अभ्यास मैच की उम्मीद नहीं कर सकता था क्योंकि विरोधी टीम में न्यूजीलैंड के कई सीनियर और ए टीम के खिलाड़ियों को जगह मिली है जिसमें लेग स्पिनर ईश सोढ़ी, आलराउंडर जिमी नीशाम और विकेटकीपर टिम सीफर्ट भी शामिल हैं।

टीम में हाल में सीमित ओवरों की श्रृंखला खेलने वाले स्काट कुगेलिन और ब्लेयर टिकनर भी शामिल हैं जिससे पृथ्वी साव और शुभमन गिल दोनों को अभ्यास का अच्छा मौका मिलेगा। ये दोनों ही 21 फरवरी से वेलिंगटन में शुरू हो रहे पहले टेस्ट की अंतिम एकादश में जगह बनाने की दावेदारी पेश कर रहे हैं। शुभमन कप्तान को दिखाना चाहेंगे कि वह टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण के लिए तैयार हैं।

जडेजा और अश्विन को दिखाना होगा दम 
सपाट पिच पर टीम में शामिल दो शीर्ष स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की परीक्षा होगी जिन्हें डेरिल मिशेल, टाम ब्रूस और सीफर्ट जैसे बल्लेबाजों के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलेगा। अभ्यास मैच में अच्छा प्रदर्शन करके अश्विन पहले टेस्ट की अंतिम एकादश में जगह बनाने की दौड़ में जडेजा को पछाड़ सकते हैं जो अपनी आलराउंड क्षमता के दम पर अभी प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। न्यूजीलैंड एकादश में डेन क्लीवर भी शामिल हैं जिन्होंने भारत ए के खिलाफ दो ‘टेस्ट’ में 196 और 53 रन की पारी खेली। उनके पास चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का एक और मौका होगा।

स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी से रोमांचक बनेगा मैच 
इस मैच को प्रथम श्रेणी का दर्जा हासिल नहीं है जिसका मकसद टीम के प्रत्येक सदस्य को 50 से 100 गेंद खेलने का मौका देना और साथ ही गेंदबाजों को लय हासिल करने में मदद करना है। मेजबान टीम भी आम तौर पर अभ्यास मैच के लिए कमजोर टीम उतारती है जिससे कि मेहमान टीम को अच्छे खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का मौका नहीं मिले लेकिन अच्छे खिलाड़ियों की मौजूदगी में इस अभ्यास मैच के काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

समय: मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े तीन बजे शुरू होगा।

टीम

भारत: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी साव, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रिद्धिमान साहा, हनुमा विहारी, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, रविचंद्रन अश्विन, ऋषभ पंत, नवदीप सैनी और शुभमन गिल।

न्यूजीलैंड एकादश: डेरिल मिशेल (कप्तान), फिन एलन, टाम ब्रूस, डेन क्लीवर, हेनरी कूपर, स्काट कुगेलिन, जेम्स नीशाम, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

13 वां खिलाड़ी: जेक गिब्सन (शुक्रवार) और स्काट जानसन (शनिवार और रविवार)।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

PREV

Recommended Stories

Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 12 April 2026, आज सुपर संडे में 2 बड़े मैच, रोहित-विराट आमने-सामने, देखें पूरा शेड्यूल
Who Won Yesterday IPL Match 11 April 2026: CSK vs DC and PBKS vs SRH Result, कल का मैच कौन जीता? देखें Highlights