भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा टी20 मैच इंदौर में, मौसम के साफ रहने की उम्मीद

Published : Jan 06, 2020, 03:58 PM ISTUpdated : Jan 06, 2020, 04:14 PM IST
भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा टी20 मैच इंदौर में, मौसम के साफ रहने की उम्मीद

सार

"हमें पूरी उम्मीद है कि दर्शकों को क्रिकेट के फटाफट प्रारूप में मंगलवार को भारत और श्रीलंका के बीच चौकों-छक्कों से भरपूर मुकाबला देखने को मिलेगा।"

इंदौर: भारत और श्रीलंका के बीच जारी तीन मैचों की टी20 श्रृंखला का गुवाहाटी में होने वाला पहला मुकाबला बारिश में धुलने से निराश क्रिकेटप्रेमियों के लिये खुशखबरी है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि दोनों देशों के बीच कमंगलवार को यहां खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मैच में मौसम साफ रहेगा और इस दौरान बारिश की आशंका नहीं है।

विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। भारत और श्रीलंका के बीच टी-20 मैच यहां मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) के होलकर स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से होना है।

इंदौर में रात नौ बजे के बाद ओस-

मौसम विभाग के अधिकारी ने ‘भाषा’ को बताया कि इन दिनों इंदौर में रात नौ बजे के बाद ओस पड़ रही है। लिहाजा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की दूसरी पारी में खिलाड़ियों को मैदान पर ओस के प्रभाव का सामना करना पड़ेगा। एमपीसीए के मुख्य क्यूरेटर समंदर सिंह चौहान ने बताया कि इस मैच के दौरान होलकर स्टेडियम के मैदान को ओस के असर से बचाने के लिये पिछले तीन दिन से इस पर विशेष रसायन का छिड़काव किया जा रहा है।

चौकों-छक्कों से भरपूर होगा मुकाबला-

इसके साथ ही, मैदान की घास पर पिछले तीन दिन से पानी का छिड़काव नहीं किया है ताकि मुकाबले के दौरान यह सूखा बना रहे। उन्होंने कहा, "हमें पूरी उम्मीद है कि दर्शकों को क्रिकेट के फटाफट प्रारूप में मंगलवार को भारत और श्रीलंका के बीच चौकों-छक्कों से भरपूर मुकाबला देखने को मिलेगा।"

गुवाहाटी में बारिश के कारण- 

भारत और श्रीलंका के बीच टी20 श्रृंखला के पहले मैच में रविवार को गुवाहाटी में बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी। नतीजतन यह मुकाबला रद्द कर दिया गया था। इस सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच पुणे में 10 जनवरी को खेला जाना है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)
 

PREV

Recommended Stories

IPL Playoffs: एक जगह, 5 दावेदार! पढ़ें CSK की हार ने कैसे उलझा दिया पूरा समीकरण?
Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 19 May 2026, आईपीएल में आज किसका मैच, प्लेऑफ की उम्मीद बचाने उतरेगी राजस्थान