IND vs NZ 1st Test 2026: वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में भारत ने 8 टेस्ट खेले हैं, लेकिन सिर्फ 1 में जीत मिली। जानिए टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का पूरा रिकॉर्ड।

India Test Record in Wellington: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी। हालांकि, इस मैदान पर टीम इंडिया का पुराना रिकॉर्ड उसके लिए चिंता का विषय है। आइए जानते हैं वेलिंग्टन में भारत के रिकॉर्ड...

58 साल पहले मिली थी भारत को आखिरी जीत

वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में भारतीय टीम के टेस्ट रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उसने अब तक 8 मुकाबले खेले हैं। इनमें से भारत को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है, जबकि 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 2 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। भारत ने इस मैदान पर अपनी इकलौती जीत साल 1968 में दर्ज की थी। खास बात यह है कि भारतीय टीम ने इसी साल यहां अपना पहला टेस्ट मैच भी खेला था। उस मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था। इसके बाद से टीम इंडिया इस मैदान पर दोबारा टेस्ट जीत हासिल नहीं कर सकी है।

और पढे़ं- IND vs NZ: कप्तान के रूप में कैसा रहा है शुभमन गिल का रिकॉर्ड? जानिए पूरे आंकड़े

भारत का पिछले टेस्ट का रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने बेसिन रिजर्व में अपना पिछला टेस्ट मैच साल 2020 में खेला था। उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। अब करीब छह साल बाद भारतीय टीम एक बार फिर इसी मैदान पर खेलने उतरेगी। ऐसे में उसके पास पुराने रिकॉर्ड को सुधारने का मौका होगा।

बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड

इस मैदान पर मेजबान न्यूजीलैंड का टेस्ट रिकॉर्ड भी पूरी तरह शानदार नहीं रहा है। कीवी टीम ने बेसिन रिजर्व में अब तक कुल 70 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें से उसे 24 मैचों में जीत मिली है, जबकि 22 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 24 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। न्यूजीलैंड ने इस मैदान पर खेले गए अपने पिछले 5 टेस्ट मैचों में से 3 में जीत दर्ज की है, जबकि 2 मुकाबलों में उसे हार मिली है।

ऐसे में भारत के सामने वेलिंग्टन में अपना पुराना रिकॉर्ड सुधारने की चुनौती होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया 58 साल बाद बेसिन रिजर्व में दूसरी टेस्ट जीत दर्ज कर पाती है या नहीं।