मुश्ताक अली ट्राफी: ऋषभ पंत और शुभमन गिल टेस्ट टीम से बाहर, विकेटकीपर भरत को मिला मौका

Published : Nov 23, 2019, 01:38 PM IST
मुश्ताक अली ट्राफी: ऋषभ पंत और शुभमन गिल टेस्ट टीम से बाहर, विकेटकीपर भरत को मिला मौका

सार

आंध्र के विकेटकीपर बल्लेबाज कोना श्रीकर भरत बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के बाकी खेल में रिधिमान साहा के कवर के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।

कोलकाता: भारतीय चयन समिति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले महीने होने वाली एक दिवसीय श्रृंखला से पहले घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए ऋषभ पंत और शुभमन गिल को टेस्ट टीम से रिलीज करने का फैसला किया है।

आंध्र के विकेटकीपर बल्लेबाज कोना श्रीकर भरत बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के बाकी खेल में रिधिमान साहा के कवर के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।

बीसीसीआई के एक सीनियर सूत्र ने कहा ,‘‘ ऋषभ वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 और वनडे मैच खेलेगा । चयनकर्ताओं ने उसे दिल्ली के लिये सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में खेलने को कहा है ।’’

दो सुपर लीग मैचों में खेलने के लिए खेलेंगे ऋषभ 

ऋषभ अब दिल्ली के अगले दो सुपर लीग मैचों में खेलने के लिए उपलब्ध होंगे। दिल्ली को हरियाणा के खिलाफ 24 नवंबर को और राजस्थान से 27 नवंबर को खेलना है। दूसरी ओर शुभमन अगले दो सुपर लीग मैचों में पंजाब के लिए खेलेंगे। पंजाब को 24 नवंबर को कर्नाटक से और 25 नवंबर को तमिलनाडु से खेलना है। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले भरत ने 69 प्रथम श्रेणी मैचों में 3909 रन बनाए हैं जिसमें आठ शतक और 20 अर्धशतक शामिल हैं। 

भरत ने कहा ,‘‘ मैंने लखनऊ में दलीप ट्राफी में गुलाबी गेंद से खेला है। मुझे शाम को टीम से जुड़ने को कहा गया है। मैं अपने आदर्श विराट भाई के साथ ड्रेसिंग रूम में रहने को लेकर बेकरार हूं।’’

आईसीसी के नियमों के अनुसार नियमित विकेटकीपर को चोट लगने पर ही स्थानापन्न विकेटकीपर को उतारा जा सकता है। ऐसे में भरत को सिर्फ एहतियात के तौर पर बुलाया गया है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

PREV

Recommended Stories

IPL में फ्लॉप तो World Cup 2027 से आउट! 20 खिलाड़ियों के लिए 'करो या मरो' वाली कंडीशन
Virat Kohli-Rohit Sharma से लेकर Ravindra Jadeja तक, IPL 2026 के 8 बड़े स्टार