Asian Games 2026: बिना एक भी गेंद खेले पाकिस्तान एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गया। आखिर ऐसा कैसे हुआ? क्या भारत के साथ भी कुछ ऐसा ही होने वाला है?आइए, समझते हैं पूरा मामला।
Pakistan Semifinal: एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान का सामना हांगकांग से होना था। लेकिन लगातार बारिश के कारण मैदान खेलने लायक नहीं हो सका। आउटफील्ड पर काफी पानी जमा था और हालात ऐसे नहीं थे कि मुकाबला शुरू कराया जा सके। बारिश के कारण मैच का टॉस तक नहीं हो पाया और आखिरकार मुकाबला रद्द करना पड़ा। लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान को सीधे सेमीफाइनल में जगह मिल गई। आइए समझते हैं कैसे?
मैच रद्द होने पर पाकिस्तान को क्यों मिला फायदा?
अब सवाल है कि जब पाकिस्तान और हांगकांग के बीच एक भी गेंद नहीं फेंकी गई, तो पाकिस्तान सेमीफाइनल में कैसे पहुंच गया? दरअसल, एशियन गेम्स के नॉकआउट मुकाबलों के नियमों के मुताबिक, अगर क्वार्टर फाइनल मैच बारिश या किसी अन्य कारण से रद्द हो जाता है और मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकल पाता, तो बेहतर रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह मिलती है। पाकिस्तान की रैंकिंग हांगकांग से बेहतर थी। ऐसे में मैच रद्द होने की स्थिति में पाकिस्तान को इसका फायदा मिला और उसे बिना मुकाबला खेले ही सेमीफाइनल का टिकट मिल गया।
और पढे़ं- कोहली का 'विराट' कारनामा, वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक के साथ बनाए 10 धांसू रिकॉर्ड
अगर भारत-अफगानिस्तान मैच भी रद्द हुआ तो क्या होगा?
अब नजर एशियन गेम्स 2026 के दूसरे क्वार्टर फाइनल पर है, जिसमें भारत का सामना अफगानिस्तान से होना है। इस मुकाबले पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर भारत और अफगानिस्तान का मैच भी बारिश के कारण रद्द हो गया, तो सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा? अगर मुकाबला रद्द होता है और नियमों के तहत बेहतर रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह मिलती है, तो भारत को फायदा मिल सकता है। भारतीय टीम की रैंकिंग अफगानिस्तान से बेहतर होने के कारण भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की स्थिति बन सकती है।
क्या बन सकता है भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल?
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर को खेले जाने हैं, जबकि फाइनल 3 अक्टूबर को होगा। अगर भारत अफगानिस्तान को हरा देता है या बारिश के कारण मुकाबला रद्द होने की स्थिति में नियमों के तहत भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल मुकाबले की स्थिति बन सकती है। यानी फैंस को एशियन गेम्स में एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।
