
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव में नेताओं की बदजुबनी रुकने का नाम नहीं ले रही है। मॉडल टाउन से बीजेपी के फायर ब्रांड उम्मीदवार कपिल मिश्रा ने एक बार फिर कपिल गुर्जर के बहाने आम आदमी पार्टी चीफ और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बड़ा हमला करते हुए आप की राजनीति का मकसद देश को तोड़ना बताया है।
कपिल ने अपने ताजा ट्वीट में लिखा, "पहले शाहीन बाग में तंबू लगवाओ फिर अपने कार्यकर्ता से उनपर गोली चलवाओ। चंद वोटों के लिए दिल्ली में आग लगवाओ। पंजाब में भी चुनाव से ठीक पहले केजरीवाल खालिस्तानी आंतकवादी के घर रुके थे। देश तोड़ना, आग लगाना यही है AAP की राजनीति का सच।"
दिल्ली चुनाव के दौरान कपिल मिश्रा के कई ट्वीट्स पर काफी विवाद हुए हैं। एक ट्वीट में उन्होंने 8 फरवरी को होने वाले चुनाव को दिल्ली की सड़क पर हिंदुस्तान पाकिस्तान का मुकाबला करार दिया था। चुनाव आयोग ने भी कपिल को कारण बताओ नोटिस भेजा था।
शाहीन बाग दिल्ली में राजनीतिक मुद्दा
शाहीन बाग दिल्ली चुनाव में बड़ा राजनीतिक मसला बन चुका है। डेढ़ महीने से ज्यादा का वक्त हो गया शाहीन बाग में नागरिकता कानून को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार धरना प्रदर्शन चल रहा है। हाल ही में प्रदर्शन स्थल से कुछ दूर पहले कपिल नाम एक लड़के ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ फायरिंग की थी। आप समेत विपक्ष ने कपिल को बीजेपी नेताओं के गोली मारो बयान से जोड़ा था। मगर मंगलवार को दिल्ली पुलिस की पूछाताछ में सामने आया कि कपिल ने संजय सिंह की मौजूदगी में अपने पिता के साथ आप की सदस्यता ली थी।
आप ने दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल
दिल्ली पुलिस ने सदस्यता लेने के दौरान की तस्वीर भी जारी की। इसके बाद दिल्ली की राजनीति में ये मामला काफी गर्म हो गया है। बीजेपी और कांग्रेस ने आप पर गंभीर आरोप लगाए। उधर, आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली पुलिस की भूमिका पर ही सवाल खड़े किए।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.