
अहमदाबाद। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के कद्दावर भाजपा नेता विजय रूपाणी ने बुधवार को घोषणा किया कि वह विधानसभा चुनाव (Gujarat Election 2022) नहीं लड़ेंगे। रूपाणी ने कहा कि वह पांच साल राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इस दौरान उन्हें सभी का सहयोग मिला।
रूपाणी ने कहा, "इस चुनाव में नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। मैंने इस संबंध में सीनियर नेताओं को पत्र लिखा है। दिल्ली में भी यह जानकारी दे दी है। चुने गए प्रत्याशियों की जीत के लिए मैं काम करूंगा।" गौरतलब है कि विजय रूपाणी गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने सीएम के रूप में 2016 से 2021 तक काम किया था। वह राजकोट पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते थे।
नितिन पटेल नहीं लड़ेंगे चुनाव
गुजरात के पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने भी घोषणा की कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ विधायक भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने फैसला किया है कि अन्य कार्यकर्ताओं को अवसर मिलना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में भाजपा 20 साल से अधिक समय से सत्ता में है। भाजपा की चुनौती सत्ता बचाए रखने की है। वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी राज्य में एंटी इनकम्बेंसी को भुनाने की कोशिश में है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी आप (आम आदमी पार्टी) सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। भाजपा जोर देकर कहती है कि उसे आप और कांग्रेस से खतरा नहीं है। आप और कांग्रेस के बीच दूसरे स्थान के लिए लड़ाई चल रही है।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस को 24 घंटे में दूसरा बड़ा झटका, मोहन के बाद भगवान ने पार्टी को बाय-बाय, थामा भाजपा का दामन
पिछले चुनाव में भाजपा को 99 सीटों पर मिली थी जीत
गुजरात में विधानसभा के 182 सीट हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 99 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, कांग्रेस 77 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। कई कांग्रेसी विधायकों के पाला बदलने के चलते वर्तमान में विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 112 है। गुजरात में दो चरण में चुनाव हो रहे हैं। यहां 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी और उसी दिन रिजल्ट आएगा।
यह भी पढ़ें- E-Bike से होगा भाजपा का प्रचार.. LED स्क्रीन से लैस स्पेशल स्कूटी गांव-शहर में कराएगी 'गौरव यात्रा'
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.