
शिमला. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए राजनैतिक दलों ने कवायद शुरू कर दी है। बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में राज्य का दौरा किया और एक भव्य रोड शो का भी आयोजन किया गया। वहीं आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी हिमाचल प्रदेश की जनता से कई वायदे कर चुके हैं। राज्य में कांग्रेस पार्टी भी सत्ता में वापसी के लिए पूरी कोशिश कर रही है।
राज्य में विधानसभा की कुल 68 सीटें
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में राज्य की 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए। वर्तमान में राज्य में कुल 68 विधानसभा क्षेत्र हैं और सरकार बनाने के लिए 35 सीटें जीतने की दरकार होती है। राज्य में लोकसभा की कुल 4 सीटें हैं और प्रत्येक लोकसभा में 17-17 विधानसभा सीटें शामिल रहती हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में राज्य की 17 विधानसभा सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। वहीं 3 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। राज्य में 48 विधानसभा सीटों पर सामान्य वर्ग से कोई भी चुनाव लड़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश में किस जिले में कितनी सीटें
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में 5 विधानसभा सीटें हैं। वहीं कांगड़ा में 15 विधानसभा सीटें हैं। कुल्लू में 4 विधानसभा, मंडी जिले में 10 विधानसभा क्षेत्र हैं। हमीरपुर जिले में 6 विधानसभा सीटें हैं। उना व बिलासपुर जिलों में 4-4 विधानसभा सीटें हैं। सिरमौर में 5 विधानसभा सीटें, सोलन में 4 विधानसभा क्षेत्र और शिमला जिले में कुल 8 विधानसभा सीटें हैं। लाहौल स्पीति और किन्नौर में सिर्फ 1-1 विधानसभा सीटें हैं।
हिमाचल प्रदेश में कुल कितने मतदाता
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के अनुसार राज्य में कुल 25,68,761 पुरूष मतदाता पंजीकृत थे। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 24,27,166 थी। जबकि कुल वोटरों की संख्या 50,25,941 थी, जो मतदान के लिए पंजीकृत थे। हालांकि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में यह संख्या बढ़ सकती है। आंकड़े बताते हैं कि हर पांच साल में राज्य में करीब 3 से 5 लाख नये मतदाता जुड़ जाते हैं। मतदान प्रतिशत की बात करें यहां औसतन 70 फीसदी से ज्यादा मतदान होता है।
लाहौल स्पिति के साथ जुड़े हैं दो रिकार्ड
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में क्षेत्रफल के हिसाब से लाहौल स्पिति सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है लेकिन वोटरों के हिसाब से यहां सबसे कम मतदाता हैं। मतदाताओं के हिसाब से दूसरा सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र सुल्लाह है। राज्य में अब तक कांग्रेस व बीजेपी के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा है। जबकि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी भी तैयारी कर रही है।
यह भी पढ़ें