
Congress Leaders On Himachal Pradesh Victory. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है और अपने दम पर वह सरकार बनाने जा रही है। इस जीत के बाद कांग्रेस के बड़े नेताओं के भी बयान आए हैं जिन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता को धन्यवाद कहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक के बाद एक ट्विट करके हिमाचल प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया है। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जीत का श्रेय सोनिया गांधी को दिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और हिमाचल के प्रभारी भूपेश बघेल ने जीत के लिए प्रियंका गांधी के 10-प्वाइंट मेनिफेस्टो को कारण बताया है।
पहले जानते हैं राहुल गांधी ने क्या कहा
भारत जोड़ो यात्रा के तहत देश भर की यात्रा कर रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक के बाद एक कई ट्विट किए और हिमाचल प्रदेश की जनता को धन्यवाद कहा। राहुल गांधी ने कहा कि आपने कांग्रेस पर जिस तरह का भरोसा जताया है और उम्मीद से वोट दिया है, वह उम्मीदें जल्द से जल्द पूरी की जाएंगी। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि मैं हिमाचल प्रदेश की पूरी जनता, सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने पार्टी पर विश्वास जताया और मौका दिया है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि हम सभी आपसे किए गए सभी वादों को जल्द पूरा करेंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा
कांग्रेस के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जीत का श्रेय हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ सोनिया गांधी को भी दिया है। खड़गे ने कहा कि है कि यह हमारी मेहनत और अच्छे कार्यों का प्रतीक है। खड़गे बोले कि हम जल्द ही साथ में बैठेंगे और यह चर्चा करेंगे कि इस मोमेंटम को किस तरह से आगे ले जाया जाए। खड़गे के अलावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया है। वहीं मध्यप्रदेश के कांग्रेस ली़डर कमलनाथ ने कहा कि यह लोकतंत्र की खूबसूरती है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि यह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है।
भूपेश बघेल ने दिया प्रियंका को क्रेडिट
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने बयान दिया है कि यह जीत प्रियंका गांधी के 10 प्वाइंट वाले मेनिफेस्टो का नतीजा है। भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी किसी भी हद तक जा सकती है इसलिए हम हर तरह की जोड़तोड़ से बचने के लिए प्रयास कर रहे हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि प्रियंका गांधी की दूरदर्शी नीतियों की वजह से ही यह संभव हो पाया है।
यह भी पढ़ें
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.